उपायुक्त मंदीप सिंह बराड़ के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित हुआ

0
241

करनाल –  इस मौके पर मंदीप सिंह बराड़ ने कहा कि जनहित के मुद्दों को हल करने में प्रशासन को मीडिया ने साकारात्मक सहयोग दिया है इसके लिए मैं मीडिया का दिल की गहराई से धन्यवाद करता हूं। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ सामाजिक दृष्टिकोण से भी प्रशासन और मीडिया एक दूसरे के सहयोगी हैं, मीडिया जनता की समस्याओं को उजागर करता है और प्रशासन जनता की समस्याओं को तुरंत निदान करने का भरसक प्रयास करता है इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए प्रशासन ने लोगों की सेवा की है जो आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि करनाल मुख्यमंत्री मनोहर लाल का विधानसभा क्षेत्र है, जिसका फायदा पूरे करनाल जिला के लोगों के साथ-साथ पूरे प्रदेश को मिल रहा है। समाज और राष्ट्र की तरक्की और खुशहाली के लिए हरियाणा सरकार ने अनेक विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात दी हैं, जहां तक करनाल का सवाल है विकास के काफी कार्य पूरे कर लिए गए हैं और कुछ कार्य कार्य पाईप-लाईन में है, जो अगले वर्ष तक पूरे हो जाएंगे।

उन्होंने विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि करनाल का अंतर्राष्ट्रीय बस अड्डा भी जल्द ही बनकर तैयार होने वाला है, पिछले कई वर्षों से जर्जर हालात से गुजर रहा कर्णताल का जीर्णोद्वार करवाया गया, अब वह करनाल शहर के सौंदर्यकरण एवं पर्यटक स्थल के रूप में विकसित हो गया है। इसी प्रकार करनाल शहर में आने वाले सभी मार्गों को फोरलेनिंग करने का भी प्रपोजल तैयार किया गया है जिनमें से इन्द्री रोड़ के निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू हो गई है। महात्मा गांधी चौंक से कल्पना चावला राजकीय मैडिकल कॉलेज की मुख्य सडक़ को भी फोरलेन करने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि करनाल शहर का नाम स्मार्ट सिटी में शामिल होना भी बड़े गर्व की बात है। इस कार्य में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा आम आदमी का सहयोग अतुल्नीय है।
डीसी बराड़ ने प्रशासनिक अधिकारियों व मीडिया साथियों को इस बात की भी बधाई दी कि सभी के सहयोग से करनाल जिला में बड़े से बड़े सामाजिक, अध्यात्मिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक, सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि करनाल के नव-नियुक्त उपायुक्त डा० आदित्य दहिया व उनकी प्रशासनिक टीम को भी मीडिया अपना पूर्ण सहयोग देता रहेगा ताकि लोगों की समस्याओं का निपटारा होता रहे।
कार्यक्रम में डीआईपीआरओ धर्मवीर सिंह ने विदाई पार्टी में अपने विभाग और सभी मीडिया साथियों की ओर से उपायुक्त मंदीप सिंह बराड़ का स्वागत एवं अभिनन्दन किया और बताया कि डीसी बराड़ के कुशल मार्गदर्शन में करनाल जिला में विकास कार्यों की गति तेज हुई है और करनाल को नए-नए विकास कार्यों की सौगात मिली है। डीसी बराड़ एक कुशल प्रशासनिक अधिकारी होने के साथ-साथ एक सामाजिक सोच के धनी हैं, दीन-दुखियों, पीडि़तों, असहायों, महिलाओं तथा गरीब लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निवारण करते रहे।