रिपोर्ट-कौशल/कुल्लू- हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के उपमंडल बंजार में तीन जगह बादल फटने से भारी तबाही हुई है। शाईरोपा में बादल फटने से बाढ़ में दो घर, कैंपिंग साइट बह गई। जबकि दाड़ी में मवेशियों के साथ एक गोशाला बह गई और तीन घरों को नुकसान पहुंचा है। पानी के बहाव में एक बुजुर्ग करीब तीस मीटर तक बह गया जिसे कड़ी मशक्कत कर बचाया गया। बादल फटने की घटनाओं से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। जबकि शाईरोपा गांव में कैम्पिंग साइट में लगे 11 टैंट व भूमि भी मलबे मे तबदील हो गई।शाईरोपा की दूसरी ओर होटल में मलबा व पानी घुस गया जिससे भारी नुकसान हुआ है। वहीं तीर्थन घाटी की कंडीधार पंचायत के गांव शाईरोपा व दाडी गांव में रात करीब डेढ़ बजे आसमान से बरसी आफत ने खूब तबाही मचाई।बारिश की आवाज सुनकर बाहर निकले ।पानी के तेज़ बहाव की चपेट में एक वृद व्यक्ति आ गया और 30 मीटर दूरी तक बह गया। दो मकान बह गए। जबकि लोक निर्माण विभाग की कई जगहों पर सड़कों का नामोनिशान मिट गया है। दाढ़ी गांव में मान सिंह पुत्र जय राम की एक गोशाला, दो गाय, एक बछड़ा 2 भेड़ें व अन्य सामान भी पानी के तेज बहाव के साथ बह गया।वहीं मकान को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम, एसडीएम बंजार एमआर भारद्वाज व अन्य टीमें मौके पर पहुंची और राहत व बचाव शुरू किया। फिलहाल प्रभावित परिवारों के पास रहने के लिए जगह है।

























