कान्तापाल/ नैनीताल – सात सूत्रीय मांग को लेकर मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संघ का आज भी पूरे दिन कार्य बहिष्कार जारी रहा। नैनीताल में उत्तराखण्ड कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ ने आज ना सिर्फ राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की बल्कि डीएम कार्यालय में पूरे दिन धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुये कहा कि पिछले दिनों सरकार ने उनकी मांगों पर सहमति दे दी थी मगर आज तक कोई भी सरकार की ओर से कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों ने आगाह किया है कि अगर उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आन्दोलन को उग्र किया जायेगा। कर्मचारियों की मांग है कि कलेक्ट्रेट अधिष्ठान के संरचनात्मक ढांचे का पुनर्गठन हो,साथ ही कर्मचारियों की शैक्षिक योग्यता स्नातक किया जाये। नायब तहसीलदार के पद पर मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों को 10 प्रतिशत पदों पर पदोन्नति दी जाये।
























