बंजार (हिoप्रo) – मुख्यमंत्री ने की बंजार में हैलीपैड तथा एचआरटीसी बस डिपो के निर्माण की घोषणा

0
183
कौशल/बंजार – केन्द्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के लिये 4365 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं स्वीकृृत की हैं, जो न केवल लोगों का कल्याण सुनिश्चित करेंगी, बल्कि राज्य की आर्थिकी को भी मजबूत करेंगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री  जय राम ठाकुर ने शनिवार को कुल्लू के बंजार  में जनसभा को सम्बोधित करते हुए दी। जय राम ठाकुर ने कहा कि  कि पिछली सरकार केन्द्र से परियोजनाएं स्वीकृत करवाने में विफल रही। उन्होंने कहा कि वर्तमान केन्द्र तथा राज्य सरकार प्रदेश के कल्याण तथा विकास के लिए गहन तालमेल के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा के चारों सांसद राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकार की बागडोर संभालने के बाद बंजार विधानसभा क्षेत्र का उनका यह पहला दौरा है। उन्होंने कहा कि कुल्लू में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन बंजार अभी तक अछूता है और इसकी क्षमता का पूरी तरह दोहन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि बंजार के लोगों ने इस बार सुरेन्द्र शौरी के रूप में एक युवा तथा ईमानदार नेता को चुना है और क्षेत्र विकास के मामले में नई ऊंचाईयां हासिल करेगा। जय राम ठाकुर ने कहा कि पिछले लगभग साढ़े चार महीनों के दौरान राज्य सरकार लोगों के कल्याण के लिए पूरे समर्पण के साथ कार्य कर रही है। पिछली राज्य सरकार ने दिन में सपने देखने अलावा कुछ भी नहीं किया, लेकिन वर्तमान राज्य सरकार सपनों को वास्तविकता में बदलने पर विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार राज्य के लिए केन्द्र सरकार द्वारा स्वीकृत की गई 69 परियोजनाओं की डीपीआर तक बनाने में विफल रही। वर्तमान सरकार ने अपने इस कार्यकाल में 53 डीपीआर की निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। उन्होंने घोषणा की कि बंजार में हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा, ताकि आपातकाल के दौरान क्नेक्टिीविटी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि इससे सैलानियों को भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने रेशम कीट पालन परियोजना के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने प्राथमिक पाठशाला शक्ति को माध्यमिक पाठशाला तथा माध्यमिक पाठशाला पनिहार को उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने घोषणा की कि बंजार बाईपास का निर्माण किया जाएगा, वशर्ते इसके लिए भूमि उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने बंजार में अग्नि उपकेन्द्र खोलने तथा पुलिस पोस्ट को पुलिस स्टेशन में स्तरोन्नत करने के अलावा बंजार में एचआरटीसी सब डिपो खोलने की भी घोषणाएं की।
फोटो – बंजार में  जनता को संबोंधित करते हुए सीएम जयराम ठाकुर