करनाल – हमारी समृद्ध संस्कृति में रक्षा बंधन एक अहम पर्व है। इस दिन सभी बहने अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती है और भाई की लम्बी उम्र की मंगल कामना करती है। भाई भी अपनी बहन की आजीवन सुरक्षा करने का प्रण करता है और दोनों के बीच भावनात्मक समर्पण का रिश्ता यू ही जीवन भर बना रहता है। रक्षा बंधन का पर्व बहन के रूप में स्त्री की गरिमा को नईं उंचाईयां देता है। बहनों की गरिमा तथा उनका और अधिक मान-सम्मान बढ़ाने के दृष्टिगत हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने महिलाओं को तोहफा देते हुए रक्षाबंधन के दिन अपने भाइयों को राखी बांधने जाने वाली बहनों और उनके 15 वर्ष की उम्र तक के बच्चों के लिए इस बार भी हरियाणा राज्य परिवहन की बसों में 6 अगस्त को दोपहर 12 बजे से लेकर 7 अगस्त की रात 12 बजे तक नि:शुल्क यात्रा की व्यवस्था की है।
जिलावासियों को रक्षा बंधन पर्व की बधाई देते हुए उपायुक्त डा० आदित्य दहिया ने बताया कि निर्धरित समयानुसार रविवार दोपहर 12 बजे से महिलाओं को करनाल डिपो की सभी बसों में निशुल्क यात्रा की यह सुविधा उपलब्ध करवा दी गई है। उन्होंने बताया कि करनाल डिपो की 183 बसों को विभिन्न रूटों पर व्यवस्थित करते हुए महिलाओं को परिवहन के लिए बेहतर इंतजाम मुहैया करवा दिये गए है। यह सुविधा प्राईवेट बसों में भी उपलब्ध रहेगी। महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत बस स्टैंड पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई हैं।























