कुल्लू (हिoप्रo) – बागड़ाथाच में होगा इंसपेक्शन हट का निर्माण : मुख्यमंत्री

0
261

रिपोर्ट – कुल्लू/कौशल – बागड़ाथाच में भी जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सन्तुलित विकास के लिए वचनबद्ध है तथा ऐसे क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जो विकास की दृष्टि से उपेक्षित हैं। उन्होंने कहा कि बागड़ाथाच इंसपेक्शन हट का निर्माण किया जाएगा। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक संस्थानों, महिला मंडलों और युवक मंडलों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान किया। वहीं वन एवं परिवहन मंत्री  गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को पर्यटन की दृष्टि से पर्यटकों के लिए एक पसंदीदा पर्यटन स्थल बनाने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि यहां मौजूद पर्यटन की अपार संभावनाओं का दोहन इमानदारी के साथ किया जाना चाहिए, जिससे पर्यावरण पर न्यूनतम प्रभाव पड़े। उन्होंने लोगों से पौधरोपण को एक जन-आन्दोलन बनाने का आग्रह किया, जिससे प्रदेश में हरित आवरण को बढ़ाया जा सके। सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि जय राम ठाकुर के प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने से क्षेत्र के लोगों का पुराना सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने प्रदेश के लिए 4500 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाएं स्वीकृत की हैं, जो राज्य और केन्द्र सरकार के शानदार तालमेल को दर्शाता है। बंजार के विधायक सुरेन्द्र शौरी ने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन की
अपार संभावनाएं मौजूद हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री से इनके समुचित दोहन का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए बंजार-गाड़ागुसैणी-छत्तरी-शिमला बस सुविधा शुरू करवाने का आग्रह किया। इस मौके पर सिराज भाजपा मंडलाध्यक्ष  शेर सिंह ने मुख्यमंत्री व अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

फोटो -गाड़ागुशैणी में मुख्यमंत्री का फूलमाला से स्वागत करते हुए भाजपा कार्यकर्ता