सिरसा – हाईकोर्ट ने राम रहीम के डेरा सच्चा सौदा हेडक्वार्टर में तलाशी ऑपरेशन को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही अब अब डेरे में तलाशी अभियान शुरू हो जाएगा। सबसे पहले बुलेटप्रूफ गाडि़यों में पुलिस और अर्द्ध सैनिक बलों के जवान अंदर जाएंगे। अर्द्ध सैनिक बलों के जवान और हरियाणा पुलिस के कमांडो अब किसी समय डेरा सच्चा सौदा में प्रवेश कर सर्च अभियान शुरू कर देंगे।
आज करीब चार बजे हाई कोर्ट ने हरियाणा सरकार की याचिका पर सुनवाई करते हुए सच्चा सौदा में तलाशी के लिए अनुमति दे दी। हाईकोर्ट ने पूरी कार्रवाई के लिए रिटायर्ड सेशन जज एसके पंवार को कमिश्नर नियुक्त किया है। इससे पहले प्रदेश भर से बुलाए गए पुलिस बल, हरियाणा पुलिस के विशेष कमांडो दस्ते और बम निरोधक दस्ते को कार्रर्वाई के लिए तैयार कर रखा गया था। डेरा के आसपास के क्षेत्र में कर्फ्यू में आज एक घंटे की ही ढ़ील दी गई। पूरा क्षेत्र सील कर दिया गया है। सोमवार शाम से ही डेरे के इर्द-गिर्द अर्द्ध सैनिक बलों और हरियाणा पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया। मंगलवार को भी सुबह से ही जवान मोर्चा संभाले हुए हैं। हरियाणा पुलिस के कमांडो और बम निरोधक दस्ते भी वहां डेरे के बाहर ही मौजूद हैं, यानि किसी भी समय तलाशी अभियान शुरू हो सकता है l
हरियाणा सरकार ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में जानकारी दी है कि हरियाणा में कुल मिलाकर 134 डेरे और नाम चर्चा घर हैं और इनमें से 133 की पूरी तरह से छानबीन कर ली गई है l ये तमाम डेरे और नाम चर्चा घर फिलहाल पुलिस की निगरानी में हैं इस को लेकर हरियाणा सरकार की तरफ से एक न्यायिक अधिकारी की निगरानी में सर्च ऑपरेशन और करने की इजाजत मांगी गई थी जिसे हाईकोर्ट ने मंजूरी दे दी है l हाईकोर्ट की तरफ से एक रिटायर्ड सैशन जज को कोर्ट कमिश्नर नियुक्त किया गया है जिनकी अगुवाई में हरियाणा सरकार सिरसा में डेरा सच्चा सौदा के मुख्यालय में छानबीन करेगी l
हरियाणा सरकार की तरफ से कोर्ट कमिश्नर को तमाम सुविधाएं और सुरक्षा भी मुहैया करवाई जाएगी l अब ये साफ हो गया है कि पूरे डेरा सच्चा सौदा सिरसा मुख्यालय की तहकीकात हरियाणा सरकार की निगरानी में की जाएगी l

























