नई दिल्ली – दिल्ली में बिजली चोरी रोकने गई टीमों पर सोमवार सुबह जफरपुर के झुलझुली गांव में स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। इसके बाद कर्मचारी अपनी गाड़ी से वहां से भागे। रावता मोड़ पर उनकी कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में एक युवा इंजीनियर की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए। कंपनी का कहना है कि दिल्ली पुलिस की मौजूदगी में उसके कर्मचारियों पर हमला किया गया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। सोमवार सुबह 11.30 बजे बीएसईएस राजधानी पावर लिमिटेड (बीआरपीएल) की तीन टीमें बिजली चोरी की शिकायत पर झुलझुली गांव गई थीं।
बीएसईएस द्वारा जारी बयान में कहा गया,’पहले झुलझुली गांव (पश्चिमी दिल्ली) में जांच टीम पर क्रूरतापूर्वक हमला किया गया, जिससे उन्हें पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा। जब टीम सदस्य वापस लौट रहे थे तो बाइक पर सवार गुंडों ने उनका पीछा किया। इस भगदड़ में दल की कार पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए।’ बयान में कहा गया,’उनमें से एक युवा इंजिनियर की बाद में गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई।’ बीएसईएस ने कहा कि बिजली चोरी रोकने में पहली बार कंपनी के किसी की जान गई है। दिल्ली पुलिस के साथ होने के बावजूद यह दुखद घटना हुई। झुलझुली गांव में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी हो रही है। उसकी जांच के लिए तीन दल वहां गए थे। यह गांव जाफरपुर क्षेत्र में पड़ता है। बयान में कहा गया,’हमला इतना भीषण था कि एक बार फिर दिल्ली पुलिस की मौजूदगी भीड़ को हमला करने से नहीं रोक सकी।’

























