नई दिल्ली – दिल्ली में 16 वर्षीय एक कबड्डी खिलाड़ी के साथ एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बलात्कार किया। व्यक्ति खुद को स्टेडियम अधिकारी बताकर पीड़ित से मिला था। पुलिस ने बताया कि पीड़ित ने आज पुलिस से संपर्क किया और मॉडल टाउन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने बताया कि अपनी शिकायत में उसने आरोप लगाया कि छत्रसाल स्टेडियम में वह 30 वर्षीय आरोपी से मिली थी, जिसने खुद को स्टेडियम प्रशासन से कोच होने का दावा किया था। उन्होंने बताया कि लड़की ने आरोप लगाया कि नौ जुलाई को आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया। पिछले एक सप्ताह से वह इसी सदमे में थी, इसलिए शिकायत नहीं कर सकी।
लड़की के मुताबिक, आरोपी ने खुद को कोच व स्टेडियम के प्रबंधन से जुड़ा बताया था। लड़की का कहना है कि कबड्डी की कोचिंग देने के बहाने से युवक उसे अपने साथ एक सुनसान इलाके में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
बहरहाल लड़की आरोपी के बारे में कोई विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं करा सकी। आरोपी की पहचान के लिए मंगलवार को छत्रसाल स्टेडियम का रोस्टर खंगाला जाएगा। उसके बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।