कान्तापाल / नैनीताल – नैनीताल जिले के बेलवाखान के समीप सिमलखेत गांव में 7 वर्षीय किशोरी को गुलदार उठाकर ले गया। किशोरी का नाम जया है जो गाजा प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 3 की छात्रा थी और अपने घर के पास में खेल रही थी, जब एक गुलदार ने उसे अपना शिकार बना लिया। किशोरी की चीख पुकार सुनकर उसके परिजन उसके पीछे जंगल मे भागे लेकिन तब तक गुलदार ने उसे मौत के घाट उतार दिया था।
घर से दूर जंगल में उसका शव देख परिजनों के पैरो तले जमीन खिसक गई। घटना की सूचना के बाद ग्रामीण भी घटना स्थल पर पहुचे और आनन फानन में पुलिस और वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। स्थानीय और पुलिस की मदद से किशोरी के शव को नैनीताल हल्द्वानी मार्ग तक लाया गया। इस हादसे से ग्रामीणों ने रोष दिखाते हुए नैनीताल हल्द्वानी मार्ग में जाम भी लगा दिया। पुलिस प्रशासन और डीएफओ द्वारा ग्रामीणों को समझाने के बाद जाम खुलवा दिया गया।
वही डीएफओ धरम सिंह मीणा ने तत्काल किशोरी के परिजनों को 50 हजार मुआवजा देने की बात कही है। शव की पोस्टमॉर्टेम रिपोर्ट आने के बाद बाकि की बची धनराशि भी दी जाएगी। डीएफओ ने बताया कि ग्रामीणों की माँग और स्थिति को देखते हुए एक पिंजरा भी गुलदार को पकड़ने के लिए लगाया जाएगा।
























