करनाल- कोविड-19 से बचाव के लिए सरकार द्वारा मास्क पहनकर घर से बाहर निकलना अनिवार्य किया गया है। सभी को मास्क उपलब्ध हो,इसके लिए करनाल जिला में हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बने स्वयं सहायता समूह निरंतर कपड़े व डिस्पोजेबल मास्क बनाकर स्वास्थ्य सेवा की दिशा में सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं। करनाल जिला के 43 गांवों से 40 स्वयं सहायता समूह की करीब 250 सदस्य डिस्टेंस मैनटेंन करते हुए दिन रात लोगों की सुरक्षा कवच के रूप में उपयोग होने वाले मास्क बना रही हैं।
हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बने स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को स्थाई आजीविका के रास्ते सुगम करने हेतु कृषि व लघु उद्योग से संबंधित विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का सफल संचालन किया जा रहा है जोकि मिशन का मुख्य उद्देश्य है। इसी क्रम में समूह सदस्यों को कौशल विकास एवं स्थाई आजीविका उपलब्ध कराते हुए खंड स्तर पर सिलाई केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। उक्त सिलाई केंद्रों का समूह की महिला सदस्यों द्वारा सामान्य कार्य को छोडक़र समय की आवश्यकता को मद्देनजर रखते हुए राष्ट्रहित में अब कोविड-19 से बचाव की दिशा में अपनी भागीदारी मास्क बनाकर सुनिश्चित कर रही हैं।
करनाल जिला में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा अब तक 75 हजार मास्क बना चुकी है, जिन में से करीब 65 हजार मास्क सरकारी कार्यालयों में वितरित किये गए है। मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक जुबिन शालू ने जानकारी देते हुए बताया कि मास्क जैसी आवश्यक वस्तु का उपयोग आमजन तक पहुंचाने के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाएं लगातार मेहनत कर रही है। पहले इन महिलाओं द्वारा प्लास्टिक के मास्क बनाए गए थे, परन्तु अब यह कपड़े के मास्क बना रही है। महिलाओं द्वारा गांवों में जरूरतमंद व्यक्तियों को मुफ्त मास्क वितरित किये जा रहे है और जिला प्रशासन द्वारा लघु सचिवालय के सभागार में स्टाल लगाकर कम मूल्य 10 रूपये का एक मास्क बेचा गया ताकि सभी को यह मास्क उपलब्ध हो सके।
उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि कोविड-19 के तहत सरकार द्वारा निर्देश दिए गए कि सभी को मास्क पहनकर बाहर निकलना है। सभी को मास्क उपलब्ध हो, इसके लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मास्क बनाने के आदेश जारी किये गए थे। यह महिलाएं लगातार मास्क बना रही है, इससे आम आदमी को कम लागत पर मास्क उपलब्ध हो रहे है और लॉक डाउन में जरूरतमंद महिलाओं के परिवारों को रोजगार के अवसर भी मिल रहे है। यह एक सराहनीय प्रयास है।























