करनाल- कनाडा की पीआर दिलाने के नाम पर 24 लाख की ठगी

0
57

करनाल-  जिला पुलिस ने कनाडा की स्थायी नागरिकता (PR) दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरव गिल पुत्र बलजीत सिंह निवासी सेक्टर-4, करनाल को काबू किया है।
जाँच अधिकारी ने  बताया कि शिकायत के अनुसार पीड़िता और उसके पति, जो वर्तमान में कनाडा में वर्क परमिट पर रह रहे हैं, सितंबर 2024 में गौरव गिल (जो कि आरोपी सौरव गिल का भाई है) के संपर्क में आए थे। आरोपी ने स्वयं को इमिग्रेशन कार्य और फ्रेंच परीक्षा कराने में अनुभवी बताते हुए एक माह के भीतर कनाडा की पीआर दिलाने का भरोसा दिया तथा इसके बदले 40 हजार कनाडाई डॉलर की मांग की।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी के कहने पर अलग-अलग समय में कुल 24 लाख रुपये की राशि दी गई, जिसमें 6 लाख,80, हजार/- रुपये सौरव गिल के बैंक खाते में चेक के माध्यम से दिए गए।
पीड़िता के अनुसार पूरी राशि देने के बाद भी नवंबर 2024 तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। मार्च 2025 में जब पीड़िता के परिजनों ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर थाना शहर में अभियोग संख्या 748/2025 संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल आरोपी सौरव गिल को काबू कर  न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आरोपी का एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में खुलासा किया जाएगा।