करनाल – भारत विकास परिषद, कर्ण शाखा के सदस्यों ने स्थानीय कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्रांगण में पौधारोपण कर भारत विकास परिषद का 60वां स्थापना दिवस मनाया।
इस पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डायरेक्टर डॉ जगदीश दुरेजा ने मुख्य अतिथि के रूप में तथा करनाल के वरिष्ठ समाजसेवी तथा नवचेतना मंच के संयोजक एस. पी. चौहान ने विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंच कर भारत विकास परिषद के सदस्यों के साथ मिलकर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्रांगण में अनेक फलदार पौधौं का पौधारोपण किया।
डॉ दुरेजा ने इस अवसर पर आए हुए सभी सदस्यों एवं अतिथियों से पर्यावरण सुरक्षा हेतु आग्रह किया कि इस वर्षा ऋतु में हम सभी को अधिक से अधिक फलदार और हवादार पौधों को लगाना चाहिए और अपने मित्रों एवं रिश्तेदारों को भी इस पुण्य कार्य करने के लिए अधिक से अधिक प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने अपने वक्तव्य में कर्ण शाखा के सभी सदस्यों का धन्यवाद किया कि उन्होंने पिछले वर्ष भी कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में इसी मौसम में पौधारोपण किया था और इस वर्ष भी संस्थान को ओर अधिक हरा-भरा करने का जो कार्य किया है, वह निश्चित रूप से प्रशंसनीय है। उन्होंने आए हुए सभी सदस्यों से आग्रह किया कि कुटेल में निर्माणाधीन यूनिवर्सिटी में भी पौधारोपण का कार्य किया जाए ताकि भविष्य में जब वहाँ विद्यार्थी आएं तो उन्हें एक स्वच्छ और सुंदर वातावरण प्रदान किया जा सके। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि सदस्यों द्वारा लगाए गए सभी पौधों की उचित देखभाल भी की जाएगी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित एस. पी. चौहान ने अपने हाथों से फलदार पौधों को लगाया और कहा कि समाज में रहने वाले प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण की सुरक्षा हेतू जागृत रहना चाहिए और समय-समय पर अधिक से अधिक पेड़-पौधौं को लगाकर पर्यावरण जागरूकता के प्रति अपना फ़र्ज़ अदा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को हमें अपने जीवन में धारण करना चाहिए और उसकी देखभाल नियमित रूप से करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व की भांति भविष्य में भी वो पर्यावरण सरंक्षण हेतू हर प्रकार से अपनी सेवाएं समाज हित में प्रदान करते रहेंगे।
कर्ण शाखा के अध्यक्ष पंकज गर्ग ने आये हुए सभी अतिथियों एवं सदस्यों का इस सेवा कार्य हेतु धन्यवाद किया और कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य समाज हित के लिए परिषद के द्वारा निरन्तर किये जाते रहेंगे। इस अवसर इस कार्यक्रम के प्रकल्प प्रमुख कपिल अत्रेजा, प्रणव जावा, श्याम बतरा, राजेश सिंगला, नीरज गर्ग, ज्योति चौधरी, सीमा जावा तथा संस्थान के अधिकारियों के साथ-साथ अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।























