करनाल-आपातकाल में अपनी राजनीतिक इच्छा शक्ति पूरी करने के लिए आमजन पर किए गए अत्याचार-सीएम

0
36

करनाल- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान को तोड़ना कांग्रेस के डीएनए में शामिल है और वे संविधान को बचाने की दुहाई देते हैं, जबकि वे आज भी उनकी सरकार बनने के बाद धारा-370 को वापिस करने जैसे बयान देकर भी संविधान को कुचलने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद से पिछले 11 वर्षों में ये देश संविधान के अनुरूप चला है और असल मायने में आजाद भारत को लोगों ने देखा है।
मुख्यमंत्री बुधवार को स्थानीय कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के सभागार में भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय- देश में आपातकाल लगाए जाने के 50 साल पूर्ण होने पर संविधान हत्या दिवस आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब हमारा देश अंग्रेजों की गुलामी का दंश झेल रहा था, उस समय हमारे देश के नायकों ने अपना बलिदान दिया ताकि आने वाली पीढिय़ां खुली हवा में साँस ले सकें, लेकिन उस समय किसी को यह नहीं पता था कि देश एक ऐसा दौर भी देखेगा, जब पवित्र संविधान की हत्या की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बोलते हुए कहा कि 25 जून का दिन हम सबको याद कराता है कि उस समय कैसे रात के 12 बजे सरकार द्वारा इमरजेंसी का आदेश पारित होता है और आम लोगों को यातनाएं देते हुए पकड़ लिया जाता है। उन पर किए गए अत्याचारों से आज भी हमारे रोंगटे खड़़े हो जाते हैं। यह आदेश उस सरकार की अपनी इच्छाशक्ति को पूरा करने के लिए जारी किया गया था। यह एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया था। देश के पवित्र संविधान को अपने स्वार्थ के लिए कुचल दिया गया। इमरजेंसी के दौरान संविधान और लोकतंत्र का एक बार भी स्मरण नहीं किया गया। किस प्रकार नेताओं और अपनी आवाज को बुलंद करने वाले लेखकों पर अत्याचार किए गए, उनको जेलों में बंद कर दिया गया, ताकि वे सरकार के खिलाफ कुछ न लिख सकें।
उन्होंने कहा कि जब भारत अंग्रेजों से आजाद हुआ तो देश में छोटी-छोटी 562 रियासतें थी और इन 562 रियासतों को एकजुट करने का काम सरदार वल्लभभाई पटेल को दिया गया और उन्होंने सभी रियासतों को एकजुट करने का काम किया। वहीं, सिर्फ एक रियासत की जिम्मेवारी पंडित जवाहरलाल नेहरू को सौंपी गई थी, जिसका परिणाम सब जानते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने कभी संविधान का सम्मान नहीं किया और उनके नेता लोकतंत्र के मंदिर संसद में खड़े होकर  बिल को फाड़ कर संविधान का अपमान करते है। संविधान की रक्षा की बात करने वालों की पीढय़िों ने भी कभी संविधान का सम्मान नहीं किया। कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण ही लोगों को प्रताडऩाओं का दंश झेलना पड़ा और इन गलत नीतियों के कारण ही आज लोगों ने कांग्रेस को साफ कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजाद भारत के बाद जिस गति से देश आगे बढऩा चाहिए था, उस गति से नहीं बढ़ा। कांग्रेस के 55 साल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 साल के कार्यकाल में विकसित भारत के अंतर को साफ देखा जा सकता है। लेकिन कांग्रेस को यह अंतर नजर नहीं आ रहा, वे केवल संविधान की किताब उठाकर घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ये देश बदला है और गति से आगे बढ़ रहा है। जिन नायकों ने देश को आजाद करवाने के लिए अपनी कुर्बानियां दी, उनके सपनों का भारत बन रहा है। प्रधानमंत्री ने संकल्प लिया है कि जब आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे तो भारत विकसित राष्ट्र बने और इस संकल्प की सिद्धि में देश के हर व्यक्ति के योगदान की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव जीतने और सरकार बनाने तक सीमित नहीं है, लोकतंत्र एक जीवन शैली है, एक बहुमूल्य  प्रणाली है। उन्होंने कहा कि हमारे बुजुर्गों को 25 जून 1975 को घोषित की गई इमरजेंसी के बारे में  पी?ियों को अवगत कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद हमें अपने महापुरुषों की जयंतियों को मनाने का अवसर मिला, ताकि हम उनके जीवन को याद कर सकें, जो उन्होंने यातनाएं सही, देश की रक्षा व मानवता की रक्षा के लिए, उन कहानियों से हम भावी पीढ़ी को अवगत करा सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का यह ‘स्मृति समारोह’ केवल अतीत को याद करने के लिए नहीं है, बल्कि यह हमें भविष्य के लिए तैयार करने का अवसर है। हमें एक ऐसे भविष्य का निर्माण करना है, जहां लोकतंत्र हमेशा फलता-फूलता रहे, स्वतंत्रता की लौ हमेशा जलती रहे और भारत एक मजबूत और जीवंत लोकतंत्र के रूप में विश्व में हमेशा चमकता रहे।
इस मौके पर जिला प्रभारी भारत भूषण जुयाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने परमिट प्रथा का विरोध किया और कहा कि इस देश में दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे। वे यात्रा लेकर निकल पड़े और बिना परमिट के जम्मू -कश्मीर में चले गए। उन्हें अपनी कुर्बानी देनी पड़ी, तब जाकर परमिट प्रथा समाप्त हुई, लेकिन उसके बाद भी लंबे समय तक इस देश में दो संविधान, दो प्रधान और दो निशान चलते रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा – 370 को समाप्त कर एक संविधान, एक प्रधान और एक निशान के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को पूरा किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आपातकाल के दौरान यातनाएं सहन करने वाले परिवारों को सम्मानित किया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया । इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग द्वारा देश में आपातकाल लगाए जाने के 50 साल पूर्ण होने पर संविधान हत्या दिवस से संबंधित प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस मौके पर देश हित में अपने विचार भी हस्ताक्षर कर सांझा किए।
इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रवीन लाठर ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित आए हुए अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि आपातकाल लगाए जाने के 50 साल पूरे होने पर संविधान हत्या दिवस पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आपातकाल में हरियाणा की धरती भी इस संघर्ष में पीछे नहीं रही। यहां के अनेक नागरिकों ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। जिस प्रकार, देश स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और सेनानियों से प्रेरणा और मार्गदर्शन प्राप्त करता आ रहा है। उसी प्रकार लोकतंत्र सेनानी भी हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने हमें आजादी दिलाई और उन्होंने हमें सिखाया कि आजादी को बरकरार कैसे रखा जाए।
इस अवसर पर नगर निगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता ने आए हुए अतिथियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपातकाल के दौरान जो जुल्म और ज्यादतियां हुई थीं, वे हम अभी तक भूले नहीं हैं। भारत के लोकतंत्र को बंधक बना लिया गया था। प्रैस का गला घोंट दिया गया था। जिन लोगों के हाथों में सत्ता की बागडोर सौंपी गई थी, जिन लोगों ने संविधान की सौगंध खाकर सत्ता सम्भाली थी, वे ही देश के दुश्मन बन गये थे। शासन की सारी ताकत का दुरुपयोग एक खानदान्तु का राज स्थापित करने के लिए किया गया था।