करनाल- हरियाणा के नव-नियुक्त राज्यपाल असीम कुमार घोष ने कहा कि अध्यापक शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दे और बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार प्रदान करें तथा साफ-सफाई के लिए भी बच्चों को जागरूक करें। राज्यपाल ने शनिवार को सेक्टर-13 के राजकीय स्मार्ट प्राथमिक पाठशाला करनाल में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों तथा अध्यापकों के साथ संवाद कर रहे थे। इस अवसर पर करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने सेक्टर-13 के स्कूल में पहुंचने पर राज्यपाल असीम कुमार घोष का पुष्प-गुच्छ देकर स्वागत किया। इसी कड़ी में जिला प्रशासन की ओर से एडीसी सोनू भट्ट, एसडीएम करनाल अनुभव मेहता, जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने भी पुष्प-गुच्छ देकर अभिनंदन किया। इसके अलावा हरियाणा श्रवण एवं वाणी निशक्त जन कल्याण समिति की चेयरपर्सन मेघा भंडारी, सेक्टर-13 की युवा पार्षद आशया कुमार व पूर्व पार्षद वीर विक्रम कुमार ने भी राज्यपाल को प्लांटर देकर स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल की धर्मपत्नी मित्रा घोष का भी अध्यापिकाओं ने शॉल व पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इस मौके पर राज्यपाल ने अपने ऐच्छिक कोष से स्कूल सुविधाओं के लिए 50 हजार रुपए देने की घोषणा की।


इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि प्राथमिक स्कूल शिक्षा का आधार है अगर प्राथमिक स्कूलों में ही गुणवत्ता पर आधारित शिक्षा छात्रों को दी जाए तो देश के गौरव के लिए सहयोग मिलता है क्योंकि बच्चे देश का कर्णधार है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा और हमारे देश के युवा अच्छे वैज्ञानिक, इंजीनियर, डॉक्टर तथा प्रशासनिक पदों को शोभामान करेगें। जिससे देश प्रगति के पथ पर और आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि अध्यापक बच्चों को खेलों के प्रति भी प्रोत्साहित करे और बच्चों के साथ स्नेहपूर्ण व्यवहार रखें। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक करे। अभिभावक भी बच्चों के साथ दोस्त जैसा व्यवहार रखें और बच्चे भी अपने माता-पिता को अपना दोस्त समझे और अपनी हर छोटी से छोटी समस्या को साझा करें, छुपाए नही। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे पेरेंट्स मीटिंग में अवश्य आए और अध्यापक से बातचीत करे।
हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष का बच्चों से विशेष स्नेह है उन्होंने निरीक्षण के दौरान क्लास रूम में जाकर बच्चों से किया संवाद, शिक्षा की गुणवत्ता को परखा और अपने हाथों से बच्चों को प्रोटीन बार वितरित किए। स्कूली बच्चें राज्यपाल का स्नेह पाकर बेहद खुश नजर आए। राज्यपाल बच्चों की नोटबुक में लिखाई और चित्र सहित कहानी लिखी हुई देखकर बेहद खुश थे। राज्यपाल ने बच्चों से संवाद के दौरान स्कूल की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। जिसको लेकर राज्यपाल ने प्रसन्नता जाहिर की। राज्यपाल ने इस दौरान बच्चों के नाखून भी चैक किए और उन्हें स्वच्छता का संदेश दिया।
हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने करनाल सेक्टर-13 के राजकीय स्मार्ट प्राथमिक पाठशाला के दौरे के दौरान शौचालयों का भी निरीक्षण किया और कहा कि स्कूल में छात्रों के साथ- साथ छात्राओं के शौचालय का साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्कूल प्रांगण में स्वच्छता व स्कूल भवन की स्थिति को लेकर प्रसन्नता जाहिर की । इस मौके पर राज्यपाल ने अपने ऐच्छिक कोष से स्कूल सुविधाओं के लिए 50 हजार रुपए देने की घोषणा की।























