रिपोर्ट -मैनपाल कश्यप /इंद्री – हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने आज इंद्री सहित सभी मंडियों का दौरा कर गेहूं खरीद व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। नई अनाज मंडी में पहुंचकर उन्होंने किसानों को मिल रही सुविधाओं, खरीद प्रक्रिया, उठान और भुगतान व्यवस्था का जायजा लिया तथा अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री ने मंडी में मौजूद खरीद एजेंसियों के अधिकारियों और आढ़तियों से सीधे संवाद करते हुए साफ कहा कि किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने दो टूक कहा कि मंडियों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही बिल्कुल सहन नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि मंडी में आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं और फसल के उठान व भुगतान की प्रक्रिया तय समय के भीतर पूरी हो, ताकि किसानों को बिना देरी उनके मेहनत का मूल्य मिल सके।
मीडिया से बातचीत में मंत्री ने बताया कि इस बार गेहूं खरीद प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाया गया है। रिकॉर्ड में दर्ज फसल क्षेत्र का पहले ही सत्यापन कराया गया है और लक्ष्य है कि 100% वेरिफिकेशन पूरा हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि गेट पास भी वेरिफिकेशन के बाद ही जारी होगा। साथ ही भरोसा दिलाया कि लिफ्टिंग के 24 घंटे के भीतर किसानों के खाते में भुगतान पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर खरीद व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं और समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा किसानों को सहूलियत देकर एक किसान को मंडी में फसल लाने के लिए तीन व्यक्तियों को नामित करने की अनुमति दी गई है।
श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा लगातार अपनी व्यवस्था को बेहतर बना रहा है और यही कारण है कि केंद्र सरकार भी राज्य की व्यवस्थाओं की प्रशंसा कर रही है। उन्होंने इसे प्रदेश की सामूहिक मेहनत और मजबूत नीतियों का परिणाम बताया। हालिया मौसम बदलाव पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि बारिश के कारण गेहूं में नमी जरूर बढ़ी है, लेकिन इससे फसल को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए सूखा कर भंडारण करें, क्योंकि यह देश और किसान दोनों की संपत्ति है। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश में बारदाने की कोई कमी नहीं है।
मंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। मंडियों में व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


























