करनाल – पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने कहा कि आज का युग बेटियों का युग है। हर क्षेत्र में बेटियां बेटों से आगे बढ़ रही है। यह महिला सशक्तिकरण का भी युग है। आज महिलाएं किसी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। वह आज सेवा श्री आश्रम में इंडियन मीडिया सेंटर तथा सेवा भारती की ओर से आयोजित महिला प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली व उपलब्धियां हासिल करने वाली 100 से अधिक महिलाओं को शॉल, स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर रणदीप घनघस , महिला उद्योगपति श्वेता गुप्ता, किरण कपूर भी मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामचरितमानस विद्यालय के संचालक संदीप गौतम ने की।
समारोह में बोलते हुए कविता जैन ने कहा की आज जिन महिलाओं को सम्मानित किया गया है उन्होंने अपने कार्यों से न केवल समाज में एक विशेष स्थान हासिल किया है अपितु समाज सेवा की एक अनूठी मिसाल पेश की है। कोरोना काल में हिम्मत न हारते हुए इन्होंने स्वयं सहायता समूह बनाकर कठिन संकट के समय में भी महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार की नई राहें खोली हैं। मास्क बनाने से लेकर विभिन्न साधनों से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने ऊंची उड़ान भरी है।
महिला उद्योगपति श्वेता गुप्ता ने कहा की आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य और अंतरिक्ष तक में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। शिक्षा के माध्यम से ही महिलाओं को सही अर्थों में सशक्त किया जा सकता है। इसके लिए माता-पिता का सहयोग मिलना भी जरूरी है। दोनों चीजें मिल जाएं तो बालिकाएं जीवन में बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकती हैं। मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर रणदीप घनघस ने निरक्षर महिलाओं को साक्षर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में समानता के अवसर दिए जाने चाहिए। समाजसेवी किरण कपूर ने कहा कि महिलाएं शक्ति का प्रतीक हैं, महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाने का आह्वान किया।
राष्ट्रसेविका समिति की संयोजक सीमा गुप्ता ने कहा की महिलाएं आज पुरुषों से कम नहीं हैं। हर क्षेत्र में पुरुषों से आगे निकल रही हैं। कभी महिलाओं को निर्णय लेने का अधिकार भी नहीं था और उन्हें निर्णय लेने के लिए पुरुष की अनुमति लेनी पड़ती थी। लेकिन अब महिलाएं अपनी सफलता का डंका बजा रही है।
उद्यमी सीमा गुलाटी ने कहा की महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में अपने सराहनीय योगदान से साबित किया है कि वे आज किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं है। यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम है। इंडियन मीडिया सेंटर ने महिलाओं को मंच प्रदान किया है, यह मुहिम सराहनीय है। नारी गरिमा की दिशा में चलाया गया यह अभियान महिलाओं को उनका हक दिलाने में कारगर साबित होगा।
अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में संदीप गौतम ने कहा कि सभी लोग अपनी बेटियों को पंख दें ताकि वे जीवन में ऊंची उड़ान भर सकें। महिलाओं का बच्चों को अच्छी परवरिश व संस्कार देने और परिवार की सुख-समृद्धि में अहम योगदान होता है। महिलाओं और बालिकाओं को कौशल विकास के माध्यम से आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाना बहुत जरूरी है।
इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन आईएमसी के प्रदेश महासचिव नरेंद्र सिंह ने किया जबकि मुख्य अतिथि का स्वागत व परिचय आईएमसी के विभाग संयोजक शैलेन्द्र जैन ने किया। कार्यक्रम का संयोजन संस्था की अध्यक्ष अनीता सिंह व महासचिव पवन शर्मा ने किया।
इस मौके पर हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य आजाद सिंह, सतीश चोपड़ा, राकेश कुमार, रविंद्र गोरसी, रणधीर राणा, राम मेहर, कुलदीप सिंह भी उपस्थित रहे।
इन महिलाओं को किया सम्मानित : शिक्षा के क्षेत्र से विद्यावती कादयान, डॉ नीरजा, अंजू भाटिया, संजोली बनर्जी, सुमिता अरोड़ा, उद्यम क्षेत्र से उमा अरोड़ा, सीमा गुलाटी, श्वेता गुप्ता, किरण कपूर, समाज सेवा से सोनिया चोपड़ा, सरिता भाटिया, अमीषा शर्मा, ज्योति, अनीता जोशी, मीनाक्षी शर्मा, स्वास्थ्य क्षेत्र डॉ नीरजा, अंजू भाटिया , यज्ञा खेड़ा, सुमन वैध, उषा पांचाल, स्वच्छता क्षेत्र से सीमा, रूबी, मंजू, मांशु, गीता, कुसुम, पूजा, रेखा, निशा, आत्मनिर्भर क्षेत्र से रीना फुरलक, पूजा, प्रियंका, कोमल, मीरा, ममता शर्मा सहित अन्य क्षेत्रों से महिला प्रतिभा शामिल रही।