करनाल -हरियाणा के मुख्यमंत्री का चेहरा नायब सिंह सैनी ही हैं : धर्मेन्द्र प्रधान

0
120

करनाल – केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं हरियाणा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रदेश की जनता हरियाणा में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने केे लिए पूरी तरह से तैयार है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा करवाए गए विकास कार्यो के आधार पर जनता ने तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का मन बनाया है। 5 अक्तूबर को हरियाणा में विधानसभा चुनाव होगा। भाजपा जीत की हैट्रिक लगाएगी। केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान रविवार को करनाल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय व प्रादेशिक नेतृत्व 90 के 90 विधानसभाओं में जाएंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में लड़ा जा रहा है और हरियाणा के मुख्यमंत्री का चेहरा नायब सिंह सैनी ही हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा पिछले दस सालों में किसानों, महिलाओं, युवाओं के हित में कार्य किए गए हैं। हर वर्ग को ध्यान में रखकर भाजपा आगे बढ़ रहा है। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो सबको साथ लेकर चलती है। प्रदेश का आर्थिक विकास हो या प्रदेश के वंचित वर्गो की बात हो हर एक क्षेत्र में भाजपा सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किया है। नायब सिंह सैनी की सरकार ने प्रदेश में उत्पादित फसलों पर एमएसपी दिया है, प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को बिना खर्ची बिना पर्ची के नौकरियां दी गई। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है कांग्रेस का असली चेहरा जनता के सामने सामने आ रहा है। कुछ दिन पहले राहुल गांधी ने कहा था कि कांग्रेस आने पर आरक्षण समाप्त करेंगे। पिछडे लोगों के खिलाफ जो उनकी मानसिक स्थिति है वे उसे बार बार प्रकट करते हैं। उन्हें पूरा भरोसा है कि हरियाणा की जनता भाजपा को ही जिताएगी।