करनाल- पुलिस टीम ने नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों के साथ ठगी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक आरोपी गिरफ्तार किया है। कल आरोपी राममेहर उर्फ राहुल को न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर करनाल की एनडीआरआई व कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में लोगों को नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम देता है। आरोपी लोगों को झांसा देता था कि वह करनाल की एनडीआरआई व कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में नौकरी करता है और उन्हें भी नौकरी पर लगवा देगा। जिसके कारण लोग उसके झांसे में आ जाते थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी एक आदतन अपराधी है। आरोपी के खिलाफ जिला करनाल के थाना सदर, रामनगर, निगदू व अन्य थानों में धोखाधडी करने के करीब आठ मामले दर्ज हैं। इनमें से कई मामलों में आरोपी फिलहाल जेल में सजा काट रहा है। ऐसी ही वारदात के संबंध में शिकायतकर्ता गुरमीत पुत्र जय भगवान वासी महावीर कालोनी करनाल ने आरोपी राममेहर व सोमबीर के खिलाफ आरोपियों द्वारा वर्ष 2021 में एनडीआरआई में नौकरी लगवाने के नाम पर 1.5 लाख रुपये धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम देने बारे शिकायत दी। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में मुकदमा नम्बर 316 दिनांक 7 अप्रैल 2023 धारा 406, 420, 506 भा.द.स. दर्ज किया गया। आरोपी को मामले में शामिल जांच करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।























