करनाल – रुपये कई गुना करने का लालच देने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार

0
115

करनाल –  पुलिस चौकी सेक्टर-13 की टीम द्वारा रूपये दो से तीन गुना करने का लालच देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने की वारदात को अंजाम देने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में शिकायतकर्ता राकेश निवासी राजीव पुरम, फूसगढ़ रोड ने पुलिस को एक शिकायत दी थी जिसमें उसने बताया कि एक माया इन्फोटैक प्राइवेट लिमिटेड एवं माया क्वीक ब्रांडिंग कंपनी में जो ऑनलाइन क्लीकिंग का काम करवाती है, जिस कंपनी में ऑनलाइन प्रोडक्ट थे जो यह कंपनी शिकायतकर्ता से क्लीकिंग करके लाईक करवाती थी। जिसके कारण कम्पनी के प्रोडक्ट ऑनलाईन बिकते थे। इस कंपनी के डायरेक्टर मृदुला ठाकुर पत्नी पवन कुमार एवं पवन कुमार एटीएस सोसायटी शक्ति खण्ड इन्द्रापुरम गाजियाबाद उत्तर प्रदेश है। इन्होने शिकायतकर्ता को अपनी उपरोक्त कम्पनी में तीन से चार गुना ज्यादा मुनाफा होने की बात कहकर इन्वेस्टमेंट करने के लिए सम्पर्क किया। शिकायतकर्ता से इन्वेस्टमेंट करवाने के लिए आरोपियों ने शिकायतकर्ता को अपनी कंपनी के प्लान बताए और ज्यादा मुनाफा होने का लालच देकर उसे इन्वेस्टमेंट करने के लिए राजी कर लिया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने आरोपियों को उनकी कंपनी में इन्वेस्ट करने के लिए वर्ष 2016 में अलग-अलग माध्यम से 11,82,000 रुपये दे दिये। जब शिकायतकर्ता ने आरोपियों द्वारा दिए गए समय पर अपना मुनाफा मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगे और उसको काफी समय बीतने के बाद भी ना तो उसके रुपये वापिस दिए और ना ही उसका मुनाफा दिया। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ रूपये दो से तीन गुना करने का लालच देकर धोखाधडी करने के अपराध में मुकदमा नम्बर 173 दिनांक 26.03.2022 धारा 406, 420, 120बी आईपीसी के तहत थाना सिविल लाईन करनाल में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों मृदुला ठाकुर पत्नी पवन कुमार एवं  पवन कुमार पुत्र जयपाल सिंह को नोएडा से गिरफ्तार किया गया है । पूछताछ में आरोपियों द्वारा उपरोक्त वारदात को अंजाम देने बारे खुलासा किया गया। आरोपियों से पूछताछ में जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों की ऑनलाइन प्रोडक्ट की उपरोक्त कम्पनी है। जब भी कोई व्यक्ति इनके प्रोडक्ट पर क्लिक करता था तो उस प्रोडक्ट की रैटिंग बढ़ जाती थी। जिसके बाद दोनों आरोपी उस व्यक्ति की डिटेल निकाल कर उससे सम्पर्क करते थे और मोटा मुनाफा होने का लालच देकर उसे अपनी कम्पनी में इन्वेस्टमेंट करने को तैयार कर लेते थे। जिसके बाद वह व्यक्ति आरोपियों की कम्पनी में एक बार इन्वेस्टमेंट कर लेता था तो आरोपी ना तो उसे मुनाफा देते थे और ना ही उस व्यक्ति के पैसे वापिस करते थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों के खिलाफ राजस्थान में भी इसी तरह ही धोखाधडी के दो मामले दर्ज हैं। इन मामलों में आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहे थे। आरोपियों को आज अदालत में पेश करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। दौराने रिमांड आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी और धोखाधड़ी की रकम को बरामद किया जाएगा।