करनाल -आंदोलनकारियों और प्रशासन की दूसरे दिन भी वार्ता बेनतीजा रही

0
45

करनाल – उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि आंदोलनकारियों को दूसरे दिन भी बातचीत के लिए बुलाया गया। आंदोलनकारी नेताओं के साथ करीब 3 घंटे बातचीत चली, परंतु बातचीत बेनजीता रही। उपायुक्त ने बताया कि आंदोलनकारियों के साथ बातचीत का क्रम चलता रहेगा। प्रशासन की मंशा है कि बातचीत से इसका समाधान निकाला जा सके। उपायुक्त ने कहा कि बिना जांच के कोई कार्यवाही नहीं बनती। आंदोलनकारी लाठीचार्ज करवाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग पर अड़े हैं।
उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि आंदोलनकारियों ने बैठक में आश्वासन दिया कि वह अपने धरने को शांतिपूर्ण तरीके से चलाएंगे। उनका मकसद अपनी मांग को मनवाना है न कि कोई उपद्रव करना। उन्होंने बताया कि इस कमेटी में 15 आंदोलनकारी किसान नेताओं ने भाग लिया, बैठक शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित हुई। यह बैठक दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक चली।
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन व पुलिस बल का उद्देश्य आंदोलनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से समाधान निकालना है। इसलिए जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण धैर्य, संयम व सूझबूझ से काम लिया जा रहा है। इस बैठक में प्रशासन की ओर से करनाल रेंज के आयुक्त संजीव वर्मा, उपायुक्त निशांत कुमार यादव व एसपी गंगाराम पूनिया उपस्थित रहे।