करनाल – पुलिस ने कोर्ट परिसर के बाहर गोली चलाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है l करनाल की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट टीम के इंचार्ज निरीक्षक प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में घरौंडा करनाल के नजदीक नाकाबंदी करके आरोपी नवीन उर्फ लाडी , धीरज, करनाल , हरविंदर सिंह उर्फ लाडी निवासी घरौंडा करनाल को गिरफ्तार कर लिया है l
इस संबंध में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट टीम के इंचार्ज निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि बीते 2 अप्रैल को दोपहर के समय कोर्ट परिसर के बाहर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र सतनाम सिंह निवासी घरौंडा अपने केस में पेशी पर जिला करनाल कोर्ट में आया हुआ था। जब वह पेशी भुगतने के बाद नगर निगम ऑफिस के पीछे पहुंचा तो मोटरसाइकिल पर सवार दो लड़कों ने हरप्रीत सिंह को जान से मारने की नीयत से देसी पिस्तौल से फायर किए थे, जिसमें हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी व एक अन्य व्यक्ति गुरविंदर सिंह घायल हो गए थे। इस संबंध में तफ्तीश दौराने पाया गया कि हरविंदर सिंह उर्फ लाडी व हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी के बीच में काफी समय से रंजिश चली आ रही थी और हरविंदर सिंह उर्फ लाडी ने हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करवा रखा है । इसी रंजिश के चलते हरविंदर सिंह उर्फ लाडी ने हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को जान से मारने की नीयत से अपने दोस्तों नवीन उर्फ लाडी,धीरज उर्फ नीरज निवासी जुंडला गेट वाल्मीकि बस्ती करनाल से इस अपराध को अंजाम दिलवाया था। इस संबंध आज तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया व पूछताछ हेतु अग्रिम अनुसंधान जारी है। मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के बारे में भी पूछताछ जारी है।























