करनाल- भारत विकास परिषद्, कर्ण शाखा की महिला सहभागिता प्रमुख डॉ. रचना चौधरी के मार्गदर्शन में करवा चौथ के पावन पर्व पर विशेष स्नेह मिलन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, जिसके पश्चात गीत, संगीत, नृत्य, मनोरंजक खेल और हंसी-ठिठोली से वातावरण उल्लासमय बन गया। सभी आई हुई बहनों ने चटख लाल, गुलाबी, नीले, हरे और पीले रंगों के भारी परिधानों में सोलह श्रृंगार से सुसज्जित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।


करवा पर्व मिलन का संचालन मनीषा अरोड़ा ने किया, जबकि करवा थीम पर आधारित विशेष खेल का आयोजन ऋतु शर्मा, सोनिया नागपाल, लवली बत्रा और पारुल गर्ग द्वारा सभी महिलाओं की भागीदारी से सम्पन्न किए गए, जिनमें सभी बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में भारतीय परिधान पहनी सभी महिला सदस्य द्वारा रैंप वॉक किया गया, जिसमें सभी महिलाओं ने अपनी गरिमा और आत्मविश्वास का परिचय दिया। यह इस कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। करवा क्वीन का खिताब शाखा की अध्यक्ष ज्योति चौधरी ने जीता, जबकि भावना कपूर और आरती शर्मा को सर्वश्रेष्ठ रैंप वॉक का पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में बिछिया, पायल, सिंदूर आदि पारंपरिक आभूषणों के आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की ज़िम्मेदारी शाखा की परियोजना प्रमुख बहनों लवली बत्रा, मनीषा अरोड़ा, ऋतु शर्मा, सोनिया नागपाल, उमा आहुजा और पारुल गुप्ता ने सफलता पूर्वक निभाई। कार्यक्रम में शायना, अंशुल, वैदेही, सीमा नागपाल, निशी गर्ग, किरण गोयल, सुलक्षणा, शशि और महिमा सहित अनेक महिला सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया तथा अपनी एकता, परंपरा और नारी शक्ति का सुंदर संदेश दिया।























