पानीपत- सेवा भारती परिसर की स्थापना का उद्देश्य कमजोर परिवारों की प्रतिभावान बच्चियों को शिक्षित और संस्कारवान बनाना-डॉ. सुरेंद्र पाल

0
50

पानीपत- सेवा भारती हरियाणा की ओर से पानीपत की गीता कॉलोनी में 28 जुलाई (रविवार) को राजमाता जीजाबाई बालिका आवासीय परिसर का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन विकास, पंचायत व सहकारिता राज्य मंत्री हरियाणा महिपाल ढांडा ने बतौर मुख्य अतिथि किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योगपति एवं समाजसेवी गोपाल तायल ने की,  मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हरियाणा के प्रांत प्रचारक डॉ. सुरेंद्र पाल रहे। जबकि शहर विधायक प्रमोद कुमार विज, उद्योगपति, समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री विजय लक्ष्मी पाॅलीवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हरियाणा के प्रात प्रचारक डॉ. सुरेंद्र पाल ने माता कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता संबोधित करते हुए कहा कि सेवा भारती संस्था समाज के सहयोग से निस्वार्थ भाव से कार्य करती है। भारत में जिस भी जीव में आत्मा है, संस्था उसकी उसकी सेवा करती है और ऐसे में मनुष्य की सेवा का भाव तो आना निश्चित है। बस सेवा करने का उद्देश्य सर्वे भवन्तु सुखिन, सर्वे संतु निरामया के भाव से होना चाहिए।
हरियाणा के विकास, पंचायत व सहकारिता राज्य मंत्री महिपाल ढांडा ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि हमें यश-अपयश की चिंता किए बिना सेवा करने में यशस्वी बनना होगा। सेवा भारती अंतिम पंक्ति में रह रहे, जहां तक कोई सोच भी नहीं सकता, वहां तक जाकर सेवा करती है। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा के लिए सेवा भारती हरियाणा संस्था को अपने निजी कोष से 10 लाख रुपये का सहयोग करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के लिए आवश्यक अनुदान राशि भी सरकार से उपलब्ध करवाई जाएगी। वहीं, विशिष्ट अतिथि शहर विधायक प्रमोद कुमार विज ने परिसर में रहने वाली बालिकाओं के स्वास्थ्य के लिए दवाइयां निशुल्क उपलब्ध कराने और किसी भी सहयोग के लिए हमेशा तैयार रहने की बात कही। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि विजय लक्ष्मी पाॅलीवाल ने सेवा कार्य के साथ ही पौधारोपण भी किया और सभी से उनकी देखरेख करने का आग्रह किया।


वहीं, सेवा भारती हरियाणा के प्रांत अध्यक्ष डॉ. यशदेव त्यागी ने सेवा भारती के कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवा भारती का उद्देश्य है, समाज के प्रत्येक अंग का समान विकास हो, सबको समान अवसर मिले, सभी सुखी हों, इस प्रकार के समर्थ, सशक्त, सबल, सफल, संपन्न, सेवाभावी समाज से परिपूर्ण होकर अपना राष्ट्र परम वैभवशाली बने। इसी सेवा माननीय गुण को लेकर सेवा भारती हरियाणा पिछले 40 वर्षों से सेवा क्षेत्र में सेवित से सेवक बनाने की यात्रा के लिए प्रतिबंध है। 1979 में सेवा भारती हरियाणा प्रदेश का प्रारंभ हुआ, अपना यह सेवा कार्य निरंतर समाज के समाजसेवियों की सहायता से कार्य कर रही है। सेवा भारती का उद्देश्य अन्य संगठनों की भांति किसी पर दया करके कुछ देने का कार्य न करते हुए वंचित समाज को ऐसी व्यवस्था देना है ताकि वह सक्षम बन समाज की सेवा कर सके। उन्होंने कहा कि सेवा भारती हरियाणा प्रदेश राजमाता जीजाबाई बालिका आवासीय परिसर पानीपत में शुरू किया गया है, जिसमें प्रांत के सभी जिलों से 20 बालिकाएं यहां रह रही हैं। इन सभी का आवास, शिक्षा, शिक्षा सामग्री, भोजन, वस्त्र, स्वास्थ्य आदि की संपूर्ण जिम्मेदारी सेवा भारती द्वारा उठाई जाती है। संस्था आवासीय परिसर में बालिकाओं की संख्या 20 से बढाकर 50 तक करना चाहती है अर्थात 30 और विद्यार्थियों को आवासीय परिसर में प्रवेश देने की योजना है। उन्होंने बताया कि पानीपत जिले में सेवा भारती के कुल 23 केंद्र संचालित हैं। इनमें 5 बाल विद्यालय, 8 संस्कार केंद्र, 8 सिलाई केंद्र, 2 मेहंदी प्रशिक्षण केंद्र शामिल हैं, इन केंद्रों में 1300 बच्चे शिक्षा और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कार्यक्रम में जिला संघचालक अनूप, राकेश भार्गव, सेवा भारती के प्रांत और नगर के सदस्य शामिल हुए। अंत में संस्था के जिलाध्यक्ष अनिल मित्तल, नगर अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने सभी अतिथियों का कार्यक्रम को ऊंचाइयों देने के लिए आभार व्यक्त किया।