उत्तराखंड -ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलकनंदा नदी में ट्रैवलर गिरने से 12 की मौत

0
73

रिपोर्ट -कांता पाल /उत्तराखंड -ऋषिकेश बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रुद्रप्रयाग के निकट रैंतोली में यात्रियों से भरा एक टैंपो ट्रैवलर वाहन गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक सहित कुल 26 लोग सवार थे। रुद्रप्रयाग आपदा प्रबंधन के मुताबिक 10 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोगों को एयरलिफ्ट करके ऋषिकेश एम्स में इलाज के लिए भेजा गया। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान दो मौत हुई हैं। 9 यात्रियों का उपचार जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में चल रहा है। घटना में घायल मरीजों और मृतकों के बारे में प्रशासन और पुलिस के द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।आज प्रातः लगभग साढ़े ग्यारह बजे एक टैंपो ट्रैवलर वाहन रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से लगभग तीन किमी पहले रैंतोली में लगभग तीन सौ मीटर गहरी खाई में गिरकर अलकनंदा नदी में समा गया। घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ, पुलिस, डीडीआरएफ और अन्य रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीमों ने खाई से उतरते हुए सबसे पहले घायल मरीजों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जिला चिकित्सालय में सात घायल मरीजों की स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। जिस स्थान पर घटना घटी है, वहां पर एक्सीडेंट होने की संभावनाएं कम हैं। यहां पर हाईवे किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए वाहन खाई में गिरा। किसी तरह से खाई से घायलों का रेस्क्यू किया गया। जिस स्थान पर वाहन खाई में गिरा, वहां जाने का रास्ता भी नहीं था। मृतक और घायल यात्रियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन और पुलिस सभी यात्रियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। यात्रियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद उनके परिजनों को भी सूचित किया जायेगा। दुर्घटना का प्रथम कारण वाहन चालक को नींद आना बताया जा रहा है।