जयपुर – घर में आग लगने से एक ही परिवार के 5 लोग जिंदा जले

0
266

किशोर सिंह /जयपुर –  जयपुर के विद्याधर नगर इलाके के सेक्टर नौ में शनिवार तड़के एक दो मंजिला मकान में लगी आग से एक ही परिवार के पांच लोग जिंदा जल गए। मौके पर पहुंची तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने जब तक आग पर काबू पाया तब तक शहर के बड़े लोहा व्यापारी महेंद्र कुमार गर्ग, दो पोतियां, एक पोता व उनका भांजा आग की भेंट चढ़ चुका था। लोगाों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड देरी से पहुंची। आग संजीव गर्ग के मकान नंबर 39 में लगी। हादसे के समय मकान में पांच लोग थे। इनमें दो लड़के ऊपर की मंजिल पर तो दो लड़कियां और एक बुजुर्ग नीचे सो रहे थे।

मकान को जलता देख आस-पास के लोगों ने फायर बिग्रेड व पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में एक पीसीआर वैन वहां आई। पुलिस के एक जवान ने रस्सी के सहारे ऊपरी मंजिल से एक लड़के को निकाला। इसके बाद उसने चद्दर में लपेट कर दूसरे लड़के को निकाला। इसके बाद फायर बिग्रेड पहुंच गई। फायर ब्रिगेड कर्मी घर में दाखिल हुए तब तक दोनों लड़कियों व बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी।

आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है पर माना जा रहा है कि आग सिलेंडर फटने से लगी। लोगों के अनुसार उन्होंने धमाके की आवाज सुनी थी। हालांकि यह जांच में ही स्पष्ट होगी कि आग कैसे लगी।