करनाल – हरियाणा में श्रमिकों को अपने कार्य में निपुण बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा जल्द ही प्रदेश में भवन निर्माण से जुड़े श्रमिकों के लिए एक एकेडमी खोली जाएगी ताकि कम पढ़े-लिखे बेरोजगार युवा राजमिस्त्री,कारपेंटर,पलम्बर,पेंटर, इलैक्ट्रिशियन इत्यादि कार्यो में निपुण होकर अपना स्वरोजगार स्थापित कर सकें।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल आज करनाल के एनडीआरआई के सभागार में आयोजित श्रमिक जागरूकता एवं सम्मान समारोह में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश व प्रदेश की प्रगति में श्रमिकों का अहम योगदान है,श्रमिक को बराबरी का दर्जा देने के लिए हरियाणा सरकार ने तीन वर्षो में श्रमिकों के उत्थान के लिए 250 करोड़ रूपये वितरित किये है,विडम्बना इस बात कि है कि विपक्षी सरकार ने अपने 10 साल के कार्यकाल में केवल 23 करोड़ रूपये की राशि ही श्रमिकों को वितरित की गई। हमारा उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक का विकास करके उसे समाज की मुख्य धारा में जोडऩा है,इसी लक्ष्य को लेकर श्रमिकों के लिए 23 कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई है। उन्होंने सभी प्रदेश के श्रमिकों को कहा कि सरकार की इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए वह अपना पंजीकरण जरूर करवाएं,सरकार हर संभव प्रयास करने के लिए तैयार है।
उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि श्रमिकों के लाभ के लिए जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करके उन्हें योजनाओं की जानकारी दी जा रही है तथा लाभार्थी को योजना के तहत चेक वितरित किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम के माध्यम से करनाल जिला में 13 हजार 748 श्रमिकों को लगभग 11 करोड़ 63 लाख 19 हजार 844 रूपये की वित्तिय सहायता राशि तथा जिले की 500 पात्र महिला निर्माण श्रमिकों को सिलाई मशीन वितरित की। उन्होंने कहा कि वर्तमान हरियाणा सरकार ने अपने तीन वर्ष के कार्यकाल में हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से करीब 2 लाख निर्माण श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत 161 करोड़ 45 लाख रूपये की वित्तिय सहायता वितरित की गई है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि श्रम शक्ति की विजय हो,श्रम शक्ति का देश की प्रगति में बहुत बड़ा योगदान है। देश में श्रमिकों की भलाई के लिए पहले भी योजनाएं चलाई गई,लेकिन किसी ने इन योजनाओं पर काम नहीं किया गया,इसलिए श्रमिक की आर्थिक दशा खराब होती गई। विकास के लिए योजनाएं पहले भी बहुत बनी,लेकिन उन पर सही काम नहीं हुआ और न ही श्रमिकों को प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार श्रमिकों को पूरा मान-सम्मान और उनके जीवन को वैभवशाली बनाने का प्रयास कर रही है,श्रमिकों को बराबरी का दर्जा मिले,यह आज के युग की जरूरत है,श्रम कल्याण बोर्ड द्वारा श्रमिकों के जीवन स्तर को उंचा उठाने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई,इतना ही नहीं श्रमिकों के जन्म से लेकर और उनकी मृत्यु तक यानी श्रमिकों के संस्कार तक का पैसा भी बोर्ड द्वारा वहन किया जाता है। श्रमिक महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए सिलाई मशीन का प्रशिक्षण देने की योजना बनाई है ताकि वह और मजबूती के साथ आत्मनिर्भर हो सके।
श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने श्रमिकों को ईएसआई की सुविधा से लाभान्वित करने के लिए आय के स्लैब में बदलाव किया है,पहले जहां मात्र 15 हजार रूपये तक के वेतन भोगियों को ईएसआई की सुविधा प्राप्त होती थी,अब इसे बढ़ाकर 21 हजार रूपये कर दिया है। श्रमिकों के उत्कृष्ट उपचार के लिए बावल में 150 बिस्तरों तथा बहादुरगढ़ में 100 बिस्तरों के नये हस्पताल खोलने का निर्णय लिया है। विभाग मेें इस समय करीब 6 लाख श्रमिक पंजीकृत है जो कि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा रहे है। हमारी सरकार के दौरान अभी तक 3 लाख से अधिक श्रमिकों को सभी योजनाओं का लाभ मिल चुका है। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर को प्रतिवर्ष राजकीय श्रमिक दिवस मनाने की घोषणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की थी। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के तहत 39 हजार श्रमिक लाभार्थियों को 39 करोड़ 25 लाख रूपये वितरित किये जा चुके है।
इस मौके पर श्रम विभाग के प्रधान सचिव डा०महाबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार श्रमिकों की भलाई के लिए प्रयासरत है। हरियाणा के मुख्यमंत्री की सोच है कि प्रदेश का किसान,मजदूर व श्रमिक आत्मनिर्भर हो, इसके लिए उन्होंने मातृत्व योजना,पितृत्व योजना,स्कूल में बच्चों को वजीफा,श्रमिकों को बीमा,कन्यादान योजना के लिए 51 हजार,60 साल की उम्र के बाद श्रमिकों की पेंशन और विधवाओं को भी पेंशन देने का प्रावधान किया है।
इस अवसर पर खाद्य,नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कर्णदेव काम्बोज,असंध के विधायक बख्शीश सिंह विर्क,घरौंडा के विधायक एवं हैफेड़ के चेयरमैन हरविन्द्र कल्याण,नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी,ओएसडी अमरेन्द्र सिंह,श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रमेश बल्हारा,सदस्य हरि प्रकाश, नगर निगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता,शुगर फैड के चेयरमैन चंद्रप्रकाश कथूरिया,भाजपा प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल,जिलाध्यक्ष जगमोहन आंनद,महामंत्री योगेन्द्र राणा,जगदेव पाढा, प्रवीन लाठर तथा प्रशासन की ओर से श्रम आयुक्त पंकज अग्रवाल, उपायुक्त डा०आदित्य दहिया,एसपी जश्रदीप सिंह रंधावा,एडीसी निशांत कुमार यादव,घरौंडा के एसडीएम इमरान रजा,डीआरओ राजबीर धीमान सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण व अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।