महिलाएं लाहौली चोलू और लाहौली आभूषण पहनकर उत्सव की शोभा बढ़ाएंगी। लाहुली पुरूष थुबा पहनकर मेले की शोभा बढ़ाने आएंगे। थुबा लाहौल के पुरूषों का पारंपरिक पहनावा है। कार्यकारी उपायुक्त अमर नेगी ने बताया कि इस बार यह पर्व 14 से 16 अगस्त तक मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस राज्य स्तरीय उत्सव का शुभारंभ कृषि एवं आई.टी मंत्री रामलाल मार्कडेय करेंगे।जनजातीय उत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रम की को-ऑर्डिनेटर एवं परियोजना अधिकारी समृति नेगी व कमेटी के सदस्य एवं आर.एम लाहौल स्पीति मंगल चंद मनेपा ने सभी लाहौल की महिलाओं से अपील की है कि इस वर्ष पहली बार मनाई जा रही लाहौली नाटी में भाग लेने के लिए पारंपरिक वेशभूषा में सजधज कर अधिक से अधिक संख्या में आएं। उन्होंने कहा कि इस तरह का आयोजन पहली बार लाहौल की पारंपरिक वेशभूषा को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ की प्रतिभाओं को निखारने के लिए पहली बार क्वीन ऑफ हिल्ज का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा जनजातीय क्षेत्र के संास्कृतिक दल भी कबाइली क्षेत्र की संस्कृति से लोगों का मनोरंजन करवाएंगे। इसके अलावा स्टार कलाकारों को भी आमंत्रण दिया गया है। जनजातीय उत्सव में वॉयस आफ पंजाब कुमार साहिल व इंडियन आयडल फेम अनुज शर्मा जनजातीय उत्सव में भी कार्यक्रम पेश करने आ रहे हैं। केलांग में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियों में जिला प्रशासन व उत्सव समिति जुटी हुई है।

























