करनाल -कोरोना की चेन तोड़ने के लिए शुक्रवार को एक अच्छी पहल हुई। शहर के तमाम व्यापारियों/मार्किट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष निशांत कुमार यादव को एकमत से वीकेंड यानि शनिवार-रविवार को लॉकडाउन और अगले 8 दिन यानि 10 मई तक बाजार बंद रखने के लिए हर संभव सहयोग का वचन दिया। व्यापारियों ने कहा कि अब समय आ गया है कि कोरोना से विकराल होती स्थिति से निपटने के लिए एक ही रास्ता बचा का है। लघु सचिवालय के सभागार में भिन्न-भिन्न मार्किट एसोसिएशन के साथ हुई मीटिंग में उपायुक्त ने बताया कि वीकेंड यानि शनिवार व रविवार को बाजार बंद करने के निर्देश सरकार ने दे दिए हैं, इससे आगे 8 दिन और यानि 10 मई तक बाजार बंद रखेंगे, लेकिन जरूरी चीजों की सप्लाई बाधित नहीं होगी, गैर-जरूरी चीजें टालने से कोई दिक्कत नही है।
उपायुक्त ने कहा कि कोरोना की पहली लहर में लॉकडाउन से करनाल के लोगों ने सहयोग का जो उदाहरण पेश किया था, अब उसकी जरूरत आन पड़ी है, क्योंकि अस्पताल में जाकर कोरोना से उत्पन्न बीमारी या मौत से लड़ने से अच्छा है, घर पर रहना, क्योंकि घर रहकर 95 प्रतिशत सुरक्षा स्वत: हो जाती है। उन्होंने समझाया कि बाजार में एक संक्रमित व्यक्ति आ जाए, तो कई लोगों को चपेट में ले लेता है और वह लोग आगे बहुत से लोगों को संक्रमित कर देते हैं, इससे चेन बनती है, इसे तोडऩे के लिए बाजार बंद करना ही सबसे अच्छा विकल्प है। उन्होंने बताया कि वीकेंड के दो दिनो में किसी प्रकार की कोई दिक्कत आएगी, तो उनका हल करना भी सम्भव होगा।
मेन मार्किट रहेगी बंद, मेडिकल की दुकानो को खोलने की छूट, करियाणा दूध, सब्जी की करवाई जाएगी होम डिलीवरी- मीटिंग में उपायुक्त ने बताया कि दो दिन में केमिस्ट की दुकानों को छोड़कर बाकि सभी दुकानें शत प्रतिशत बंद रहेंगी, इसके बाद होम डिलीवरी कर देंगे। दो दिन महत्वपूर्ण और सुरक्षा देने वाले हैं, जो अगले 8 दिनो के लिए कुशल साबित होंगे, कोविड की परेशानी झेलने से अच्छा है, कठोर अनुशासन में रहना, क्योंकि जान है तो जहान है। ऐसे समय में किसी प्रकार का घाटा ना देखें, अस्पताल के भारी-भरकम खर्च से तो यही अच्छा है। कोरोना से गंभीर बीमार होने पर पैसा कोई काम नहीं आता, लोग अपनी जान बचाने के लिए लाखो खर्च करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि दो दिनो में प्रशासन एडवाइजरी भी जारी करेगा, जिसकी सूचना मीडिया के जरिए लोगों को मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि 9 को दोबारा मीटिंग रखकर फिर राय लेकर आगे का आधार तैयार कर लेंगे।
करनाल की तर्ज पर जिला की सभी नगर पालिकाएं/कस्बों में भी 10 दिनो तक रहेंगे बाजार बंद- उपायुक्त ने बताया कि करनाल शहर की तर्ज पर जिला की सभी नगर पालिकाओं व कस्बों में भी 10 दिनो तक बाजार बंद रखे जाने की यही व्यवस्था रहेगी। जरूरी चीजों की सप्लाई बाधित नहीं होगी, गैर-जरूरी चीजों पर रोक रहेगी, करियाणा सामान व डेयरी उत्पादों की होम डिलीवरी रहेगी।
उद्योग सरकार की गाइडलाइन के अनुसार रहेंगे चालू- उपायुक्त ने बताया कि उद्योग सरकार की गाइडलाइन के अनुसार चालू रहेंगे, इसमें काम करने वाले कारीगरों की मूवमेंट के लिए सरल हरियाणा पोर्टल पर जाकर पास बनवाए जा सकते हैं। कोविड ड्यूटी पर आने-जाने वाले कर्मचारी, फायर सर्विस, पैरा मैडिकल स्टाफ की मूवमेंट रहेगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया- मीटिंग में जिला पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने बताया कि लॉकडाउन में स्व:अनुशासन जरूरी है। हर चौक-चौराहे पर पुलिस की मौजूदगी मुमकिन नहीं होती। चालान करना कोई मकसद नहीं, लेकिन जरूरी हो जाता है। जिस व्यक्ति का चालान हो जाए, वह दूसरों को जाकर बताता है। अब चालानों की संख्या भी बढ़ा दी है, फोर्स करने का यही एक तरीका है। व्यापारियों की मांग पर उन्होंने स्पष्ट किया कि बाहर से सामान ट्रांसपोर्ट पर कोई पाबंदी नहीं है।
नगर निगम आयुक्त विक्रम ने बताया कि सेक्टरों में मैक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। बेरिकेडिंग से सरकारी कर्मचारी और दूसरे व्यक्ति की मूवमेंट रोकनी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कंटेनमेंट जोन के नियमों का पालन करें।























