Karnal-पीएम मोदी ने मुझे दिल्ली बुलाया है: मनोहर लाल

0
73

इंद्री/नीलोखेड़ी – हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल लोकसभा क्षेत्र के इंद्री और नीलोखेड़ी विधानसभा में जनसम्पर्क यात्रा के दौरान कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस के सरकार में नौकरी पाने के लिए बेटा अपने बाप का किला और मां का जेवर बिकवा देता था।  भाजपा की सरकार बनी तो मैंने मुख्यमंत्री होने के नाते कांग्रेसी कल्चर ”पर्ची और खर्ची के बदले नौकरी” को खत्म किया। अपने मुख्यमंत्री के साढ़े नौ साल के कार्यकाल में प्रदेश में बिना पर्ची और बिना खर्ची के एक लाख बीस हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी। कांग्रेस के भ्रष्टाचार ने देश और हरियाणा प्रदेश की लुटिया को डुबो दिया था।
मनोहर लाल ने कहा कि अब देश व प्रदेश में न तो कांग्रेस आने वाली है और न ही कांग्रेसी कल्चर की वापसी होगी। लोकसभा चुनाव के रण में कांग्रेस पहले ही हार मान चुकी है। इसलिए कांग्रेस बौखलाई हुई है। उसे पछतावा भी है। पछतावा इस बात का कि देश ने अनेकों मौके कांग्रेस को दिया मगर वह देश को नहीं संभाल सकी। उसके काल में कश्मीर से लेकर नार्थ-ईस्ट तक में अलगाववाद हावी था। जम्मू-कश्मीर नामक राज्य देश पर भी भारी था। देश को कई खंड में खंडित होने का खतरा था। उन्होंने यह भी कहा सरदार पटेल के बाद पीएम मोदी देश के मात्र नेता हैं जिन्होंने देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। 2014 से 2024 के बीच के अपने कार्यकाल में मोदी ने देश से आतंकवाद, नक्सलवाद और अलगाववाद तीनों को खत्म कर दिया। जबकि कांग्रेस काल में जम्मू-कश्मीर में देश के पैसे पर आतंकवादी पाले जाते थे।
मनोहर लाल ने कहा कि  पीएम मोदी ने कहने पर हरियाणा में उन्होंने मुख्यमंत्री पद पर अपना उत्तराधिकारी नायब सिंह सैनी को चुना। मोदी ने ही दिल्ली आने को कहा है। उन्होंने ही मुझे लोकसभा प्रत्याशी बनाया है। इसलिए करनाल लोकसभा से चुनाव लड़ रहा हूं। उन्होंने यह भी कहा कि अब वे दिल्ली में  मोदी द्वारा नए भारत के निर्माण कार्य में भाग लेंगें। अब तक आपकी सेवा हरियाणा सरकार के माध्यम से किया है, अब दिल्ली से आपकी सेवा केंद्र सरकार के माध्यम से करुंगा। केंद्र की बड़ी योजनाओं का लाभ दिलवाऊंगा।
उन्होंने नरेंद्र मोदी और अमित शाह को भारत का दो शेर बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश भर में सत्तर वर्षों में खून बहाने वाला कांटा बोया था, जिसे इन दोनों ने मिलकर उखाड़ फ़ेंक दिया है। मोदी की बात दुनिया सुनती है। विश्व भर में कोई भी समस्या हो उस पर मोदी का सुझाव महत्वपूर्ण मना जाता है।  चार जून के बाद चार सौ पार वाली मोदी की सरकार बनेगी तो भारत विश्व की तीन बड़ी आर्थिक शक्ति बनने को होड़ में जुट जायेगा। मोदी ने कर के दिखाया है, अपने शासन काल में भारत को 11 वें से 5 वीं बड़ी आर्थिक शक्ति बना दिया है।
मोदी जी के सोच को लेकर चले मनोहर
“जिसका जीवन साधु का.. कमल के ये सिपाही हैं.. मोदी जी के सोच को लेकर चले मनोहर..  मनोहर लाल नहीं बोलेगा उसका काम बोलेगा”  जैसे गीत के बोल इन दिनों पूरे राज्य में ध्वनित हो रहा है। करनाल में इन गीतों की विशेष धूम दिखी क्योंकि यह मौका मनोहर लाल के रोड शो का था।  करनाल में मनोहर लाल के जनसंपर्क यात्रा के दौरान लोगों में अपने नेता से मिलने को होड़ लगी हुई थी। मनोहर लाल ने भी जनता के बीच सीधे मौजूद हो कर उत्साहित दिखे।  इस दौरान दर्जन भर गावों में  जनता से सीधा संवाद किया। संवाद के दौरान जनता की ओर से यह पूछे जाने पर कि क्या कश्मीर के बाद अब पीओके की बारी है, तो उन्होंने कहा कि आपके सवाल में ही इसका जबाब है। पूर्व मुख्यमंत्री ने जनता से भी सवाल पूछा। उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस सरकार में नौकरियां बिकती थी या नहीं? कांग्रेस के काल में बेटा नौकरी पाने के लिए अपने बाप का किला या शहर की प्रॉपर्टी और मां के जेवर बिकवा देता था कि नहीं ? भाजपा के सरकार में बिना पर्ची और बिना खर्ची के लाखों युवाओं को नौकरी मिली या नहीं मिली?  सवाल-जबाब के बाद मनोहर लाल ने  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करने के लिए हरियाणा में लोकसभा की सभी दस सीटों पर कमल का फूल खिलाने का आह्वान किया।