करनाल – करनाल स्थित देश के जाने माने संस्थान एन.डी.आर.आई में आज दिन भर ठेके पर रखे जाने वाले कर्मचारियों को लेकर उठापटक चलती रही , जिसे लेकर निकाले गये कर्मचारियों ने गेट के सामने प्रदर्शन किया l कर्मचारी नए ठेकेदार का विरोध कर रहे थे l उन्होंने नए ठेकेदार पर आरोप लगाया कि हमें नौकरी पर रखने के लिए हमसे पैसा माँगा जा रहा है , पैसा नहीं देने वालों को नौकरी से निकाल दिया है l बताया गया है कि ठेकेदार के पास 627 कर्मचारियों को रखने का ठेका था जिसने पैसा दिया उन्हें रख लिया जिन्होंने नहीं दिया उन्हें निकाल दिया l
गेट पर प्रदर्शनकारियों के बवाल के बाद अधिकारियों द्वारा शाम के समय उन्हें अंदर बुला लिया गया कि जैसे काम कर रहे थे वैसे ही करते रहो l एन.डी.आर.आई के निदेशक ने नया ठेका रद्द कर दिया है । बाद में पता चला कि नये ठेकेदार ने 10 पैसे प्रति कर्मचारी का खर्च भर कर ठेका हासिल किया है l अब हैरान कर देने वाली बात यह है कि आज के समय में 10 पैसे का क्या मतलब हुआ l प्रदर्शन पर बैठे कर्मचारी ने बताया कि हमसे 8000 से 12000 रूपये नौकरी लगने के नाम पर मांगे गए जिसमें 800 रूपये हर महीने वापिस ठेकेदार को भी देने थे l इनमें क्लर्क , कम्प्यूटर आपरेटर , चपरासी जैसे पदों पर कर्मचारी रखने का ठेका था l प्रदर्शन कर रहे एक कर्मचारी ने बताया कि उनके पिता भी यहां पर काम करते थे। हम लोग सालों से यहां काम कर रहे हैं।
निदेशक द्वारा नया ठेका रद्द करने के बाद अब पुराने ठेकेदार को एक माह का एक्सटैंशन मिल गया है । कर्मचारियों का कहना था कि यहां सालों से जमे हुए भ्रष्ट अफसर ठेके पर तैनात कर्मचारियों के नाम पर सरकार को चूना लगा रहे हैं। इस मामले में जब एनडीआरआई के प्रवक्ता से बात की तो उन्होंने कहा कि जब निदेशक के पास शिकायत पहुंची तो उन्होंने मामले को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई कर दी है । 























