रिपोर्ट – कान्ता पाल/ नैनीताल -जनपद उधम सिंह नगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर के थाना ट्रांजिट कैम्प अंतर्गत एक माँ ने अपने 6 साल के बेटे की पहले हत्या कर दी बाद में खुद भी फंदे में लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमोर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच में जुट गई है। वहीं बेटे और महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जिस बेटे को माँ ने पाल पोस कर 6 साल का बना दिया। कल देर रात्रि में वही माँ ने अपने ही हाथों तकिए से मुंह दबा कर बेटे की हत्या कर दी और बाद में खुद भी फंदे में लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। कोतवाली क्षेत्र के खेडा कालोनी में हुई यह घटना गृह क्लेश के चलते हुई मानी जा रही है l सुबह जैसे ही परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया। आनन फानन में घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुची पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेकर शवों को पोस्टमोर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक मेवा राम निवासी शिवनगर, सिलाई का काम करता हैं। तीन दिन पहले उसकी पत्नी काजल अपना 6 वर्षीय पुत्र कुलदीप उर्फ गुड्डू को लेकर खेड़ा कालोनी में चचिया ससुर के घर चली गई थी। बुधवार रात को सभी ने खाना खाया और सोने चले गए। बताया जा रहा है कि देर रात काजल ने पहले अपने 6 साल के बेटे कुलदीप का तकिया से मुंह दबा कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने कमरे के रोशनदान में फंदा लगाया और लटक गई। सुबह चचिया ससुर और अन्य परिजनों ने काजल को लटका देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई। यही नहीं मासूम कुलदीप भी मरा मिला। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हुए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ सिटी अमित कुमार भी घटना स्थल पर पहुंचे और जानकारी ली। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि बेटे की गला घोंटकर हत्या के बाद महिला ने खुद आत्महत्या की है। मामले की जांच की जा रही है।