नैनीताल -कैंची धाम स्थापना दिवस पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

0
80

रिपोर्ट -कांता पाल /नैनीताल – नीम करोली बाबा के कैंची धाम के स्थापना दिवस के अवसर पर आज भव्य मेले का आयोजन हुआ जिसमें दूर-दूर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। मान्यता है कि जो भी नीम करोली बाबा के दर पर आता है वो खाली हाथ नहीं लौटता है। कैंची धाम आज बड़ी संख्या पहुँचे श्रद्धालुओं को मालपुए का प्रसाद दिया गया। माना जाता है कि नीम करोली बाबा को मालपुए खूब प्रिय थे। इसलिए इस दिन प्रसाद के रूप में मालपुए का वितरण किया जाता है। नीम करोली बाबा की महिमा देश विदेश तक फैली हुई है। कैंची धाम में एप्पल के फाउंडर स्टीव जॉब्स, फेसबुक के फाउंडर मार्क जुकरबर्ग, विराट कोहली जैसी जानी मानी हस्तियां भी आ चुकी हैं।
आपको बता दे कि कैंची धाम में हर साल 15 जून को भव्य मेला लगता है। यह मेला कैंची धाम की स्थापना के अवसर पर लगता है। इस दिन कैंची धाम स्थापना दिवस मनाया जाता है। भवाली में कैंची धाम की स्थापना जून 1964 में की गई थी। बताया जाता है कि नीम करौली बाबा ने कैंची गांव के पूर्णानंद से 1962 में मुलाकात की और सोमबारी महाराज के निवास को देखने की इच्छा जताई। इसके बाद सोमबारी महाराजा की यज्ञशाला ढूंढी गई और वहां साफ सफाई के बाद एक चबूतरा बनाया गया। इसी चबूतरे पर हनुमान मंदिर की स्थापना की गई। और 15 जून को मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई। तब से यहां प्रत्येक वर्ष 15 जून को कैंची धाम में मेला लगता है। हनुमान जी के अवतार माने जाने वाले नीम करोली महाराज ने 1973 में वृंदावन में अपने प्राण त्याग दिए थे। जबकि उनका जन्म उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के अकबरपुर गांव में हुआ था। उनका बचपन का नाम लक्ष्मी नारायण शर्मा था।