जयपुर – जयपुर जिले की विराटनगर तहसील के गांव ढाणी गुजरान में एक शादी समारोह के दौरान सड़क पर लगे ट्रांसफार्मर के फटने से दर्दनाक हादसा हो गया l मंगलवार दोपहर हुए इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। इस दर्दनाक हादसे में बच्चों-महिलाओं सहित 11 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में एक बच्चे और चार महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया । वहीं देर रात को जयपुर के एसएमएस में इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत हो गई। केंद्रीय मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने बुधवार को अस्पताल पहुंचकर घायलों की कुशलक्षेम पूछी। राठौड़ ने कहा कि घायलों को उचित इलाज दिया जा रहा है। इवाइयां भी अस्पताल से मिल रही हैं। सरकार की ओर से उपचार में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है।
राज्यवर्द्धन ने कहा, मैं हादसे में मारे गए लोगों के घर भी गया था। मृतकों के अंतिम संस्कार में भी सरकार पूरी मदद कर रही है। सरकार इस हादसे में मृतकों व घायलों के परिजनों के साथ है। उल्लेखनीय है कि गर्म तेल से 60 से 95% तक झुलसे 7 लोग जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती हैं।
बता दें कि ढाणी गुजरान निवासी भैरूराम गुर्जर की दो बेटियों की मंगलवार को शादी थी। भैरूराम के ससुराल के लोग भात भरने आए थे। इनका स्वागत कर गीत गाते हुए महिलाएं घर के बाहर लगे शामियाना में लेकर जा रही थीं कि रास्ते में लगा बिजली का ट्रांसफार्मर अचानक जल उठा और देखते ही देखते फट गया। ट्रांसफार्मर के फटने से उछले लोहे के टुकड़ों और गर्म तेल से वहां खड़ी महिलाएं बच्चे बुरी तरह झुलस गए।


























