करनाल – सीएम कैंप आफिस का घेराव करने जा रहे कंप्यूटर ऑपरेटरों पर लाठीचार्ज

0
162

करनाल – स्थायी नौकरी की मांग पर रविवार को सीएम कैंप ऑफिस का घेराव करने जा रहे प्रदेश में सरकारी विभागों में अनुबंध आधार पर लगे कंप्यूटर ऑपरेटरों को पुलिस ने लाठी चार्ज कर खदेड़ दिया। बैरिकेट्स तोड़ने पर पुलिस कर्मचारियों ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन से पानी की बौछारें छोड़ी, लेकिन तब भी कंप्यूटर ऑपरेटर पीछे नहीं हटे तो पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कंप्यूटर ऑपरेटरों को करीब एक किलोमीटर तक दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। घटना में तीन पुलिसकर्मियों को चोट लगने की बात भी सामने आई हैं। जबकि 10 प्रदर्शनकारियों के भी घायल होने की खबर है। इसी मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने रास्ता रोकने, पुलिस पर पथराव करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत नौ लोगों को नामजद करते हुए करीब 400 के खिलाफ केस दर्ज किया है।

कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ हरियाणा के बैनर तले रविवार को प्रदेशस्तरीय 500 कच्चे कर्मचारियों सेक्टर-12 के फव्वारा पार्क में एकत्रित हुए और ओएसडी के आवास का घेराव की रणनीति बनाई। पुलिस ने भी बेरिकेट्स लगा दिए। राज्य प्रधान हवा सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए कर्मचारी बेरिकेट्स तक पहुंचे। नायब तहसीलदार राज बक्श ने कच्चे कर्मचारियों को समझाते हुए 10 फरवरी को सीएम से मिलाने का आश्वासन दिया। लेकिन कर्मचारी इसी माह मुख्यमंत्री से मिलने की बात पर अड़ गए। कच्चा कर्मचारी संघ राज्य प्रधान राजेंद्र शास्त्री, लैब सहायक एसोसिएशन के राज्य प्रधान सुरेंद्र प्योंत, राज्य कंप्यूटर प्रोफेशनल्स संघ के उपप्रधान प्रवीन, राज्य उपप्रधान जुबेर ने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से तीन हजार कर्मचारी कच्चे हैं। 12 वर्ष से 1200 कंप्यूटर ऑपरेटर कच्चे हैं। सरकार सभी कंप्यूटर प्रोफेशनल को पक्का करे। सरकार को पार्ट-1 व पार्ट-2 को खत्म करते हुए सभी विभागों के पद सृजित करते हुए नियमित किया जाए। वेतन के नाम पर शोषण किया जा रहा है। पूरे प्रकरण में पुलिस का दावा है कि पथराव के कारण उनके तीन जवान चोटिल हुए हैं, जबकि संघ के सदस्यों का दावा है कि पुलिस कर्मचारियों द्वारा लाठीचार्ज में 15 से ज्यादा सदस्यों को चोटें आई हैं।

मोहन लाल, सिविल लाइन, थाना प्रभारी ने बताया कि कंप्यूटर ऑपरेटरों द्वारा पुलिस पर पथराव किया गया, इससे तीन जवान चोटिल हुए हैं। नौ लोगों को नामजद करते हुए 400 लोगों के खिलाफ रास्ता रोकने, पथराव करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार भी किया है l