करनाल -नगर निगम की अनदेखी ,सालों से सड़क तोड़कर बह रहा साफ पानी

0
18
filter: 0; fileterIntensity: 0.0; filterMask: 0; module: h; hw-remosaic: 0; touch: (-1.0, -1.0); modeInfo: ; sceneMode: Auto; cct_value: 0; AI_Scene: (-1, -1); aec_lux: 137.62857; hist255: 0.0; hist252~255: 0.0; hist0~15: 0.0;
करनाल – वार्ड नंबर 18 के न्यू प्रेम नगर में राजकीय सीनियर सेकंडरी विद्यालय के समीप मुख्य सड़क के मोड़ पर पिछले करीब चार साल से पानी की पाइपलाइन से लगातार रिसाव हो रहा है। मुख्य सीवरेज लाइन के पास सड़क तोड़कर की गई पाइपलाइन की मरम्मत के बावजूद समस्या आज तक दूर नहीं हुई है। लगातार बह रहे साफ पानी से अब तक जहां हजारों लीटर पानी बर्बाद हो चुका है, वहीं सड़क भी धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त हो रही है।
स्थानीय निवासी सोनू, विवेक, प्रशांत और सुरेंद्र ने बताया कि करीब चार साल पहले नगर निगम के जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से यहां पानी की पाइपलाइन की मरम्मत की गई थी। मरम्मत के बाद भी पाइपलाइन से पानी का रिसाव बंद नहीं हुआ। सड़क तोड़कर पाइप की मरम्मत किए जाने के बाद इसे पूरी तरह दुरुस्त नहीं किया गया, जिसके चलते समस्या लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसा नहीं है कि जन स्वास्थ्य विभाग अथवा जनप्रतिनिधियों को इस खराबी की जानकारी नहीं है। कई बार समस्या की ओर ध्यान दिलाए जाने के बावजूद लापरवाही और अनदेखी के कारण आज तक पाइपलाइन के रिसाव को स्थायी रूप से ठीक नहीं किया गया। नतीजतन पिछले चार वर्षों से लगातार साफ पानी बहकर बर्बाद हो रहा है और सड़क भी टूटती जा रही है।
लोगों के अनुसार पानी के लगातार रिसाव से सड़क पर गड्ढे और जलभराव की स्थिति बन रही है। स्कूल के समीप होने के कारण विद्यार्थियों, अभिभावकों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने सवाल उठाया कि जब पानी की एक-एक बूंद बचाने की बात की जाती है, तो पिछले चार साल से हजारों लीटर साफ पानी की बर्बादी पर संबंधित विभाग आखिर क्यों आंखें मूंदे बैठा है।
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर पाइपलाइन के रिसाव को स्थायी रूप से ठीक कराया जाए तथा सड़क की भी मरम्मत करवाई जाए, ताकि पानी की बर्बादी रुके और लोगों को समस्या से राहत मिल सके।