करनाल – असंध पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने के मामले में एक आरोपी को काबू कर उसके कब्जे से अवैध पटाखों की 60 पेटियां बरामद की हैं।
थाना असंध प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में सहायक उप-निरीक्षक महेंद्र सिंह व पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव बहारी में एक किराए के मकान में बिना किसी वैध लाइसेंस एवं अनुमति के भारी मात्रा में पटाखों का अवैध रूप से भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए उक्त मकान पर दबिश दी।
पुलिस टीम ने मौके से आरोपी अमित पुत्र महेंद्र, निवासी जिला झुंझुनू, राजस्थान को काबू किया। आरोपी गांव बहारी में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस टीम द्वारा आरोपी से पटाखों के भंडारण एवं बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस, परमिट अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन आरोपी मौके पर कोई वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो कुल 60 पेटियां पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध थाना असंध में विस्फोटक अधिनियम एवं अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
























