आगरा – इकाना भगवान विष्णु का नाम है वोट के लिए भाजपा भगवान का नाम भी बदल सकती है. अखिलेश यादव

0
434
रिपोर्ट – नसीम अहमद /आगरा –  पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव बटेश्वर से भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इकाना नाम भगवान विष्णु का है लेकिन लखनऊ के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का नाम पूर्व पीएम अटलजी के नाम किया गया, यह सराहनीय है। लेकिन भाजपा अटलजी के नाम पर राजनीति कर रही है। भाजपा को ढोंगी बताते हुए अखिलेश ने कहा कि इकाना भगवान विष्णु का नाम है। वोट के लिए भाजपा भगवान का नाम भी बदल सकती है।
अखिलेश ने कहा कि यदि भाजपा अटलजी को सच्ची श्रद्धांजलि देना चाहती है तो उनके पैतृक गांव में इकाना से बड़ा और भव्य स्टेडियम बनाकर दिखाए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आने पर बटेश्वर का कायाकल्प किया जाएगा। तीन सौ करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
 परिवार के साथ बटेश्वर मेले का उठाया लुत्फ : अखिलेश यादव ने यहां परिवार के साथ बटेश्वर में लगने वाले सैकड़ों वर्ष पुराने मेले का लुत्फ उठाया। इससे पहले उन्होंने यहां बच्चों, सांसद धर्मेंद्र यादव के साथ भगवान भोलेनाथ के मुख्य मंदिर ब्रह्म लाल महाराज के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। उन्होंने बच्चों को घोड़ा बाजार भी दिखाया। उसके बाद नेमिनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि हमारी सरकार में इस मेले की दुर्दशा नहीं थी, जो आज है।
अखिलेश ने कहा कि किसानों को हितैषी बताने वाली भाजपा ने किसानों को महंगाई के सिवाय कुछ नहीं दिया। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया। लेकिन किसान महंगे दामों पर यूरिया खरीद रहे हैं। हमें तो ढोंगियों से डर है। पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर यही स्थिति रही तो कुछ दिनों में किसान अपनी जमीन बेचने पर मजबूर हो जाएंगे।