नई दिल्ली – लड़की की बेरहमी से पिटाई करने वाला पुलिसकर्मी का बेटा गिरफ्तार

0
416

नई दिल्ली (न्यूज़ एजेंसी) – दिल्ली के तिलकनगर में एक लड़की की बेहरमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है l आरोपी शख्स की पहचान रोहित तोमर के नाम से हुई है जो मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर अशोक सिंह तोमर का बेटा बताया जा रहा है l  पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया लिया है। पुलिस ने आरोपी को  कोर्ट में पेश करने के बाद एक दिन के रिमांड पर लिया है। बता दें कि रोहित द्वारा लड़की को पीटते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें आरोपी लड़की को बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहा था। एक दूसरा शख्स भी वहां से बिना मदद किए आगे निकलता दिख रहा है l

वीडियो वायरल होने के बाद गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मामले पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक से बात की। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘एक लड़की को एक युवक द्वारा बेरहमी से पीटे जाने का एक वीडियो मेरे संज्ञान में आया है। मैंने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से फोन पर इस बारे में बात की है और इस पर उचित कारवाई करने के लिए कहा है  । जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने तुरंत घटना का संज्ञान लेते हुए रोहित तोमर के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।  वीडियो में पीड़िता रोहित से माफी भी मांगती नज़र आ रही है , लेकिन वो बेरहमी से मारना बंद नहीं करता। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रोहित ने ये सब अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड को डराने के लिए किया। उसने पिटाई का ये वीडियो रिकॉर्ड कर पूर्व गर्लफ्रेंड को भेजा और उससे कहा कि अगर वो उससे शादी नहीं करेगी तो उसका भी यही हश्र होगा।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को एक अन्य लड़की ने शिकायत दी है, जो पीड़िता के साथ उसी के दफ्तर में काम करती है। पीड़ित लड़की की इस जानकार लड़की ने शिकायत दी है कि उससे रोहित की शादी होने वाली थी। किन्हीं कारणों से लड़की ने अब रोहित से अपनी शादी तोड़ दी है। शिकायत देने वाली लड़की का कहना है कि आरोपी रोहित वीडियो में जिस लड़की की पिटाई कर रहा है वह उसके साथ दफ्तर में काम करती है और दोनों एक-दूसरे को जानते भी हैं। हैरानी की बात है कि पीड़ित लड़की अभी तक इस मामले में सामने नहीं आई है।