लखनऊ – यूपी के मथुरा के मोहनपुर अडूकी इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में 8 साल के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई l फायरिंग में एक गोली मासूम के सिर में लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई l मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चे की मौत पर दुख जताते हुए परिवार के लिए 5 लाख रुपये के मुआवज़े का एलान किया है l
बताया जा रहा है कि गोली बदमाशों की लगी या पुलिस की अभी साफ नहीं हो सका है l वहीं मृतक बच्चे के परिजनों का कहना है कि कहीं बदमाश नहीं थे, पुलिसवालों ने बदमाश होने के अंदेशे में गोली चलाई थी जो बच्चे को लग गई l पुलिस की गोली से बच्चे की मौत की खबर फैली तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में आला अधिकारी बच्चे के घरवालों से मिले l उन्हें सांत्वना दी और मुआवजे का एलान किया l डीएम सर्वज्ञराम मिश्र ने बताया कि ये बहुत दुखद है, इस दुख की घड़ी में पूरा प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ है l
इस बीच यूपी पुलिस ने पूरे मामले की जांच का भी एलान कर दिया है l एसएसपी स्वप्निल ममगई ने बताया कि एनकाउंटर की जांच कराई जा रही है, एनकाउंटर का सच क्या है ये जानना जरूरी है? उम्मीद है जल्द जांच रिपोर्ट आएगी और सच्चाई का पता चल जाएगा l


























