सोनीपत – सैनिकों जैसी बहादुरी का जज्बा हर नागरिक में होना चाहिए – राजीव जैन

0
311
रिपोर्ट – सुरेंद्र /सोनीपत – मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राईक हमारे लिए गौरव व गर्व का प्रतीक है। यह हमारे वीर सैनिकों के उस जज्बे का परिणाम है जिसकी बदौलत हम देश के अंदर चैन की नींद सोते हैं।  जैन शनिवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरथल अड्डा में सर्जिकल स्ट्राईक दिवस के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। प्रदेश सरकार द्वारा इस बार सर्जिकल स्ट्राईक दिवस को शौर्य दिवस के रूप में मनाया गया। श्री जैन ने इससे पूर्व सर्जिकल स्ट्राईक पर तैयार लघु फिल्म  व प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था।
 जैन ने कहा कि दो वर्ष पूर्व हमारे वीर सैनिकों ने देश की सीमा को पार कर पाकिस्तान में जाकर आतंकियों को ढेर किया था। इस सर्जिकल स्ट्राईक ने दुनिया में यह संदेश दिया कि भारत अपनी सरजमीं और देश की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि आज जो सैनिक सीमा पर देश की रक्षा कर रहे हैं हम उन्हीं की बदौलत देश के अंदर चैन की नींद सो रहे हैं।
जैन ने कहा कि आज आवश्यकता है कि उन सैनिकों की बहादुरी का जज्बा हर नागरिक में हो। प्रत्येक बच्चे में सैनिक का गुण हो और देश की रक्षा का जज्बा हो इसलिए यह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की इसी ताकत के दम पर भारत भविष्य में दुनिया में सिरमौर होगा। हमें अपने प्रत्येक सैनिक पर गर्व करते हुए उन्हें और अधिक सम्मान देना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए शोर्य दिवस मनाने का निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार द्वारा 225 शहीद सैनिकों के आश्रितों को नौकरी दी है। युद्ध के दौरान शहीद हुए सैनिकों व अर्धसैनिकों जवानों के आश्रितों को दी जाने वाली राशि बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। इसके अलावा और अनेकों सुविधाएं दी जा रही हैं।
कार्यक्रम में एसडीएम प्रशांत पंवार ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और कहा कि हमने समय-समय पर हुए युद्धों में पाकिस्तान को मुंहतोड़ व करारा जवाब दिया था। ऐसे में अब वह सीधे युद्ध की बजाए छदम युद्ध का सहारा ले रहा है। ऐसे में हमारे सैनिकों के सामने सर्जिकल स्ट्राईक जैसे विकल्प खुले हैं और खुले रहेंगे। कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक संघ के वाईस चेयरमैन कर्नल डीएस आर्या ने सर्जिकल स्ट्राईक के विषय में विस्तार से प्रकाश डाला और कहा कि यह हमारे देश के सैनिकों के शौर्य की प्रतीक है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए सरकार को बधाई भी दी।
कार्यक्रम में सर्जिकल स्ट्राईक पर सैनिकों के शौर्य को दर्शाती व भारतीय सेनाओं के जज्बे को लेकर बनाई गई एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम के दौरान राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरथल अड्डा की प्राचार्या संतोष राठी ने बच्चों के साथ मिलकर देशभक्ति का गीत भी प्रस्तुत किया। इस दौरान सर्जिकल स्ट्राईक पर एक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया। बच्चों द्वारा आयोजित की गई ड्राईंग प्रतियोगिता में बच्चों ने सर्जिकल स्ट्र्राईक पर विभिन्न कलाकृतियां भी उकेरी। इसके साथ ही सुंदर रंगोली भी तैयार की गई जो सर्जिकल स्ट्राईक को समर्पित थी।
कार्यक्रम में जिला सैनिक बोर्ड के सचिव मेजर डीपीएस बधवार, राजकीय कालेज की प्राचार्या सुमन दहिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन मंगला, पूर्व पार्षद मनोज शर्मा, हुकम सिंह जोगी, पवन तनेजा, मनोज गुप्ता,  कमांडर एसपी मलिक, कैप्टन वीपी दहिया, कैप्टन प्रेम सिंह, सीपीओ सुभाष चंद्र, सुबेदार सुभाष शर्मा, सुबेदार राज सिंह, हैड कांस्टेबल धर्मवीर सिंंह, कला अध्यापक नरेश आकाश सहित कई पूर्व सैनिक, स्कूल स्टाफ व शहर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।