नैनीताल – डीएम स्वयं उतरे सफाई अभियान पर

0
135
कान्तापाल/ नैनीताल – उत्तराखण्ड के नैनीताल में नाला सफाई की ये जो तस्वीरें आप देख रहे हैं वो ‘नैनीझील सफाई अभियान’ का एक अंग है और इसमें जो शख्स नाले में उतरकर आपको सफाई करते दिख रहे हैं वो नैनीताल के जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन(नीले एडिडास के ट्रैक सूट में) हैं । इसके अलावा इनके साथ बेहद गंदे नाले में सफाई कार्य कर रहे ये महाशय जिले के अपर जिलाधिकारी हरवीर सिंह(हरी पगड़ी में सरदार जी) हैं ।
नैनीताल में स्वच्छ मिशन के तहत नैनीझील को भरने वाले नालों की सफाई का कार्यक्रम आज सवेरे मल्लीताल मस्जिद के समीप शुरू हुआ । यहां विभिन्न संगठनों के साथ समाजसेवी, नालों की सफाई के लिए दिलों जान से जुट गए । अपने जिलाधिकारी और दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों के स्वच्छता के प्रति प्रेम को देखकर उत्साहित दूसरे सरकारी कर्मचारियों ने भी जमकर सफाई की । इनकी सफाई से नाले के कूड़ा साफ होते ही तेज जल प्रवाह शुरू हो गया । नाले की सफाई में जुटे युवक और युवतियों का जोश देखने लायक था । कूड़े को सड़क पर रख दिया गया जिसे नगर पालिका के वाहनों ने उठाना शुरू कर दिया ।
आज सवेरे जिलाधिकारी व अपर जिलाधिकारी के साथ नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर पालिका व दमकल विभाग की टीम, स्वास्थ्य विभाग की टीम, स्वच्छ भारत संस्था, ‘एक पहल एक सोच’ संस्था, समाज सेवी संस्था उत्तराखण्ड, भा.ज.पा.मंडल सदस्य तथा कई और संगठन व समाजसेवी मौजूद रहे । हल्द्वानी से पर्यटक नगर को साफ करने के लिए ‘गो क्लीन गो ग्रीन’ की टीम भी नैनीताल पाहुँची थी । जिलाधिकारी ने बताया कि सरकार स्वच्छता की तरफ गंभीर है और ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित कराए जाएंगे । लोगों को स्वच्छता की तरफ आकर्षित करेंगे और  गंदगी करने पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा । समाजसेवियों का कहना है कि वो तो अक्सर सफाई के ऐसे कार्य करते रहते हैं लेकिन आज सरकार को साथ देखकर एक उम्मीद जगी है । उन्होंने कहा कि आज लगभग 800 कट्टे कूड़ा निकाला है जाबकी हफ्ताभर ऐसा कार्यक्रम चलेगा तो शहर बिल्कुल साफ हो जाएगा ।