करनाल – आज गुरुवार सुबह काछवा रोड पर स्थित एक सोफा बनाने की फैक्ट्री में अचानक आग लग गई, जिसमें जिन्दा जलने से माँ और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई l अचानक लगी आग मकान की पहली मंजिल तक पहुंच गई, जहां यह परिवार रह रहा था । घटना का पता चलते ही लोग इकठ्ठा हो गए ,उन्होंने तीनो को दीवार तोड़कर बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया । सिटी थाने के एसएचओ मोहन लाल ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है मामले की जांच कर रहे हैं l
बताया गया है कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी राजकुमार यहां किराये पर अपने परिवार के साथ रहता है । लेकिन आग लगने के समय राजकुमार घर पर नहीं था l इस आग में उसकी पत्नी पूजा, बेटी सुहाना (7) और परी (5) की जिन्दा जलने से मौत हो गई l प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले धुआं घर के अंदर भर गया फिर आग लग गई जिस कारण परिवार बाहर ही नहीं निकल सका।























