करनाल – खेल मंत्री संदीप सिंह अचानक पहुंचे कर्ण स्टेडियम 

0
233

करनाल – खेल मंत्री हरियाणा संदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश का खिलाड़ी गांव से उठकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचे इसके लिए हरियाणा सरकार का प्रयास है कि खिलाडिय़ों को राजनीति से ऊपर उठकर सुविधाएं दी जाएं। उन्होंने इसके लिए खेल नर्सरियों में खिलाड़ी की उपस्थिति को तवज्जो दी जा रही है ना कि कागजी नर्सरियों को। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ी बढ़ेंगे तो नर्सरियों को बढ़ाने में कोई दिक्कत नहीं है। स्टेडियमों को बनाने वाले खर्चोंं को अब सीधा खिलाडिय़ों की सुविधा के लिए खर्च किया जाएगा, स्टेडियमों का महत्व खिलाडिय़ों के कारण है ना कि स्टेडियम का महत्व खिलाडिय़ों के लिए। उन्होंने कहा कि जो भी खेल का सामान स्टोर में पड़ा है, सभी खेल अधिकारियों को निर्देश गए हैं कि वह खिलाडिय़ों तक पहुंचाया जाए। मंत्री शुक्रवार को अचानक करनाल के कर्ण स्टेडियम में सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने इस दौरान हाजिरी रजिस्टर, स्टोर, टॉयलेट की व्यवस्था, खेल के सामान को चैक किया। चैकिंग के दौरान खेल मंत्री ने मीडियो को बताया कि कुछ कमियां पाई गई जिन्हें ठीक कर लिया जाएगा और इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

खेल मंत्री ने हाजिरी रजिस्टर को चैक किया। रजिस्टर में सभी कर्मचारियों की हाजिरी लगी थी, जब गिनती की गई तो दो कर्मचारी मौके पर उपस्थित नहीं मिले। इस पर खेल मंत्री ने जिला खेल अधिकारी से जवाब मांगा। खेल अधिकारी ने कहा कि दोनों ही कर्मचारी हाफ लीव पर है, मंजूरी लेकर गए है । खेल मंत्री ने बैटमिंटन हॉल का निरीक्षण भी किया और व्यवस्थाओं को जाना। उन्होंने अंदर रखे खेल सामान को चेक किया और अपने हाथों से सामान को उठाकर देखा। उन्होंने जिला खेल अधिकारी को निर्देश दिए कि वह स्टोर का सामान खिलाडिय़ों तक पहुंचाएं। खिलाडिय़ों को अधिक से अधिक सुविधाएं मिले इसका भी ध्यान रखें। खिलाड़ी कागजों में नहीं, ग्राऊंड में दिखाई दें।