रिपोर्ट – कान्ता पाल /नैनीताल – जिला चिकित्सालय नैनीताल और समीपवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों मरीजों को अब बाहर से महंगी दवाइयां नहीं खरीदनी पड़ेगी। अस्पताल में करीब छह माह से बंद पड़े प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र में ही उन्हें सस्ती दरों पर जेनेरिक दवाइयां मिल पाएगी। केंद्र के संचालन के लिए टेंडर और अन्य प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी है। अब इस केंद्र को मो. मुस्तकीन और मनीषा संचालित कर रही है।
आपको बता दे कि नगर के बीडी पांडे अस्पताल में रेडक्रॉस के अधीन वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की शुरुआत की गई थी। शुरुआती दौर में लोगों को जरूरत मुताबिक दवाइयां मिलने के कुछ ही समय बाद दवाइयों की उपलब्धता कम होने लगी। जिसको लेकर पूर्व डीएम सविन बंसल ने कमेटी गठित कर जांच कराई तो कई अनियमितताएं सामने आई थी। जिसके बाद कुछ समय केंद्र को बंद कर सोसाइटी सचिव को भी उसके पद से हटा दिया गया। साथ ही केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत को दी गयी। मगर इसके बावजूद केंद्र की हालत नहीं सुधरी। औषधि केंद्र में न तो पर्याप्त दवाइयां मिल पायी और न ही मरीजों को ही इसका लाभ मिल पाया। आखिरकार बीते वर्ष अक्टूबर में औषधि केंद्र बंद कर दिया गया। शुक्रवार से फिर इसे खोल दिया गया है।
























