करनाल -मुख्यमंत्री ने भगवान वाल्मीकि भवन के नव-निर्मित प्रथम हॉल का उद्घाटन किया

0
198

करनाल – मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज हर क्षेत्र में नई-नई तकनीक आ गई हैं। ऐसे में श्री विश्वकर्मा स्किल यूनिवर्सिटी के माध्यम से ऐसा कोर्स शुरू करने के लिए कहा जाएगा, जिससे तकनीक के आधार पर सीवरेज की सफाई कैसे हो यह सिखाया जाए और इसकी ट्रेनिंग दी जाए। मुख्यमंत्री गुरुवार को करनाल में भगवान वाल्मीकि भवन सेक्टर 9 के नव-निर्मित प्रथम हॉल के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में वाल्मीकि समाज के उमड़े जन सैलाब से मुख्यमंत्री गदगद हुए और खुश होकर भवन में छात्रावास बनाने के लिए अपने कोष से 21 लाख रुपये दिए जाने की घोषणा की। इसके साथ-साथ समाज के दूसरे लोगों को भी इस कार्य में अपना सहयोग देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने इस भवन में ई-लाइब्रेरी बनाए जाने के भी आदेश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान वाल्मीकि मानव समाज के पथ-प्रदर्शक थे। वे सर्व समाज की चिंता करते थे। उन्होंने महान ग्रंथ रामायण की रचना की। भगवान राम के जीवन चरित्र को लिखा, जो पूरे समाज को प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम के दौरान आह्वान किया कि जो भी लोग संपन्न हो जाएं, उन्हें अपने से गरीब लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए, ताकि दूसरे लोग भी आगे बढ़ सकें।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हमने व्यवस्था परिवर्तन का काम किया है। पहले लोग नियम कानून मे उलझे रहते थे और तंग रहते थे। परिवार के एक-दो सदस्य इसी काम पर लगे रहते थे। हमने इस व्यवस्था को बदलने का काम किया है। समाज में जिसका जो हक है, उसे उसका हक दिलाने के लिए सरकार दृढ़ संकल्पित है। आज तकनीक के माध्यम से 600 से ज्यादा सेवाएं घर के नजदीक कंप्यूटर सेंटर पर मिल रही हैं। दिनों का काम घंटों में हो रहा है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकार अंत्योदय के भाव से काम कर रही है। उन्हीं की सरकार ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक का नारा दिया था। सरकार का लक्ष्य है कि लाइन में खड़े अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसी के चलते परिवार पहचान पत्र बनाया गया। कम आय वाले परिवारों की आय को बढ़ाने के लिए अंत्योदय मेले लगाए जा रहे हैं। अभी तक प्रदेशभर में 180 स्थानों पर 250 मेले लगाए जा चुके हैं। इससे युवाओं को रोजगार की तरफ बढऩे के लिए अवसर मुहैया करवाए जा रहे हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव कृष्ण बेदी, विधायक बवानी खेड़ा बिशम्बर वाल्मीकि, विधायक होडल जगदीश नायर, घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण, इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप, भाजपा एससी मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम अवतार वाल्मीकि, स्वच्छ भारत मिशन के उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र, हरियाणा वाल्मीकि महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एमएल सारवान, पूर्व विधायक ईश्वर पलाका, फूल सिंह खेड़ी के अलावा स्थानीय नेताओं में भाजपा के जिलाध्यक्ष योगेन्द्र राणा, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, रघुमल भट्ट, आजाद सिंह, एमसी रजनी परोचा, सुभाष बुम्बक सहित अन्य समाज के वरिष्ठ जन मंच पर मौजूद रहे। मंच का संचालन भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अमरनाथ सौदा ने किया।

परम पूजनीय राष्ट्रीय संत बाल योगी, श्री उमेश नाथ जी महाराज पीठाधीश्वर श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम उज्जैन ने कहा कि संत किसी एक समाज के नहीं होते, वे सभी वर्गों की भलाई के लिए कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि करनाल की तर्ज पर हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर इस प्रकार के वाल्मीकि भवनों का निर्माण सरकार द्वारा करवाया जाना चाहिए जिसमें शिक्षा की व्यवस्था हो ताकि युवा पीढ़ी को एक अच्छे स्थान पर उच्च शिक्षा के लिए तैयार करने का मौका मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने महर्षि वाल्मीकि के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना करके भगवान वाल्मीकि को एक शिक्षित परिवार तक पहुंचाने का काम किया है। क्योंकि जो बच्चा इस विश्वविद्यालय में पढ़ेगा उसकी डिग्री पर महर्षि वाल्मीकि का चित्र भी अंकित होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री को इस कार्य के लिए साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण 500 सालों बाद किया जा रहा है। इस मंदिर में श्री राम चंद्र के वनवास के दौरान जितने भी महर्षि उनके संपर्क में आए उन सभी के नाम से मंदिरों का निर्माण किया जाएगा जिनमें भगवान वाल्मीकि का मंदिर भी शामिल है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी परम पूज्य राष्ट्रीय संत बाल योगी, श्री उमेश नाथ जी महाराज को शॉल भेंट की और आशीर्वाद लिया।

भगवान वाल्मीकि भवन के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में संस्था के प्रधान रघुबीर गागट व सदस्य सूबेदार जयराज ने मुख्यमंत्री को सम्मान का प्रतीक पगड़ी पहनाकर सम्मान किया तथा संस्था के कोषाध्यक्ष जयपाल चनालिया ने भगवान वाल्मीकि का चित्र भेंट किया। वहीं दूसरी ओर परम पूजनीय राष्ट्रीय संत बाल योगी, श्री उमेश नाथ जी महाराज को स्वच्छ भारत मिशन के उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र ने शॉल भेंट की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों ने भगवान वाल्मीकि के चित्र के समक्ष श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

भवन के उद्घाटन अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह के सफल आयोजन के लिए भगवान वाल्मीकि जन कल्याण संघ के प्रधान रघुबीर गागट ने करनाल जिला सहित अन्य पड़ोसी जिलों से आए हुए वाल्मीकि समाज के विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से जन समूह का आभार प्रकट किया और भविष्य में भी सहयोग की कामना की।