करनाल – उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए 15 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण 3 जनवरी से शुरू किया जा चुका है, जिसके प्रति बच्चों एवं अभिभावकों को बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चे जो इस आयु वर्ग में शामिल हैं, वे अपने आसपास के स्वास्थ्य केन्द्रों पर जाकर कोरोना की यह डोज निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए सरकार ने समुचित प्रबंध किए हैं, इसका लाभ सभी को उठाना चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क लगाए घूमने वाले लोगों के चालान किए जाएंगे। नियम तोड़ने व मनमानी करने वालों के साथ अब सख्ती से निपटा जाएगा, ऐसे लोगों को व्यक्तिगत चालान की सूरत में 500 रुपये और संस्थागत चालान के 5 हजार रुपये का भुगतान करना पड़ेगा। यही नहीं चालान करने वाले प्राधिकृत व्यक्ति से उलझने पर एफआईआर दर्ज होगी।
उन्होंने बताया कि कोरोना से बचने के लिए लोगों को चाहिए कि वे समय पर कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लें। कोरोना के इन बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को चाहिए कि वे कोविड नियमों का सख्ती से पालन करें ताकि कोरोना की तीसरी संभावित लहर से बचाव किया जा सके।






















