

करनाल – आज विश्व साइकिल दिवस पर देश के नेताओं और मशहूर हस्तियों द्वारा साइकिल चलाकर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है l विश्व साइकिल दिवस 3 जून को दुनियाभर में मनाया जाता है l विश्व साइकिल दिवस मनाने की शुरुआत 2018 में हुई थी l संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अप्रैल 2018 में विश्व साइकिल दिवस मनाने का फैसला लिया था l संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा इसके लिए 3 जून का दिन तय किया गया था l इस दिन साइकिल चलाने से होने वाले फायदों के बारे में लोगों को जागरूक करने का काम किया जाता है l 
2015 में करनाल में राहगीरी के कार्यक्रम में मेरा गांव मेरा मिशन संस्था द्वारा साइकिल अभियान की शुरुआत की गई थी l संस्था के सदस्यों द्वारा 50,000 से भी अधिक शपथ पत्र भरवाए गए थे, जिसमें बच्चों समेत सभी लोगों ने साइकिल चलाने का संकल्प लिया था l यह संकल्प पत्र मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी भर कर लोगों को साइकिल चलाने के लिए जागरूक किया था l संस्था के सदस्यों द्वारा स्कूलों में भी बच्चों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया था और बच्चों को साइकिल चलाने के लिए प्रेरित किया था कि साईकिल चलाने के बहुत फायदे हैं -पर्यावरण सुरक्षित तो स्वस्थ सुरक्षित , न ही चोट लगने का डर और न ही पुलिस के चालान का डर l साइकिल अभियान के बाद स्कूलों में उन बच्चों को संस्था के सदस्यों द्वारा सम्मानित भी किया गया जिन्होंने साइकिल चलाना शुरू कर दिया था l उस समय साइकिल भी पहले से ज्यादा बिकने लगी थी l आज पुरानी और सादी साइकिल नए नए ब्रांड के रूप में और डिजाइन में बाजार में उपलब्ध है l आज पर्यावरण और स्वास्थ्य की दृष्टि से हम सबको साइकिल को अपने रोजमर्रा के जीवन में शामिल करना जरूरी है l
























