करनाल- पुलिस ने एक ऐसे गिरोह को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है, जो टोल टैक्सों पर खडे होकर वाहनों को रुकवाकर मोबाइल फोन की नकली एसेसरीज को एप्पल ब्रांड की असली एसेसरी बताकर सस्ते दामों पर बेचकर लाखों रुपये की ठगी कर रहा था । करनाल के थाना सेक्टर 32/33 की पुलिस टीम ने चार आरोपियों नदीम , सलमान , रहिस और आस मोहम्मद ,बागपत उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है । जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी एप्पल ब्रांड का डुप्लीकेट सामान काफी सस्ते दाम पर खरीदकर लाते हैं और उस सामान पर एप्पल ब्रांड का टैग लगाकर सामान को बेचने के लिए उत्तर प्रदेश, दिल्ली व हरियाणा के विभिन्न टोल टैक्स पर खडे हो जाते हैं। टोल टैक्स पर गाड़ियों को रुकवा कर आरोपी एप्पल ब्रांड की एसेसरीज को काफी सस्ते दाम पर देने की बात कहकर लोगों को नकली सामान बेच देते है। जब लोग उस सामान को चैक करते है तो वह सामान नकली निकलता है और आरोपी इतनी देर में मौका से फरार हो जाते हैं। फिर किसी अन्य टोल टैक्स पर जाकर ऐसी वारदातों को अंजाम देते हैं। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पिछले काफी समय से ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। दूर दराज के होने के कारण लोग आरोपियों की शिकायत नही कर पाते हैं। इस बात का आरोपी फायदा उठाते हैं और टोल टैक्सों पर धोखाधडी की वारदात करते रहते हैं। आरोपी इस प्रकार से सैकड़ों लोगों को नकली सामान बेच चुके हैं और लाखों रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दे चुके हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी इस प्रकार की धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम देकर जल्द ही अमीर बनना चाहते थे। आरोपी रहिस व आस मोहम्मद को आज पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से 4800 रुपये की नकदी व दो नकली ईयरफोन बरामद की गई हैं। आरोपी नदीम व सलमान को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। दौराने रिमांड आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी व फरार एक अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे।
इस संबंध में एक शिकायत डा. सौरभ ने थाना सेक्टर-32/33 में दी थी। जिसमें उसने बताया कि वह सरकारी अस्पताल करनाल में बतौर डाक्टर तैनात है। वह किसी काम से मधुबन टोल टैक्स पर गया था। वहां पर दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी गाडी को रूकवाया और एप्पल ब्रांड की घडी व ईयरफोन बताकर सस्ते दाम पर देने के लिए कहा। लेकिन उसने उन अज्ञात व्यक्तियों से सामान खरीदने से मना कर दिया। जिसके बाद उसने बताया कि उसी दिन वह नूरमहल चौक के पास आया तो वह अज्ञात व्यक्ति उसको वहां मिले, जिन्होने फिर से वही पेशकश की। जिसके बाद शिकायतकर्ता ने सस्ते दाम पर एप्पल ब्रांड की ईयरपोड व घडी मिलने के लालच में अज्ञात व्यक्तियों से 38 हजार रुपये में सौदा तय कर लिया और गूगल पे के माध्यम से आरोपियों को पेमेंट कर दी। उसी समय आरोपियों ने शिकायतकर्ता को अपना मोबाइल नम्बर दे दिया और भविष्य में एप्पल ब्रांड का सामान सस्ते दाम पर खरीदने के लिए सम्पर्क करने की बात कहकर वहां से चले गए। जब शिकायतकर्ता ने घर जाकर सामान खोला तो वह सामान नकली निकला और शिकायतकर्ता ने अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दिए गए नम्बर पर फोन करके बताया तो आरोपियों ने उस नम्बर पर दोबारा फोन करने पर जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद शिकायतकर्ता को अपने साथ हुई धोखाधडी का पता चला। इस संबंध में शिकायतकर्ता के ब्यान पर थाना सेक्टर 32/33 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नम्बर 385 दिनांक 02.06.2022 धारा 379, 420, 506 व 120बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया था।























