करनाल -पुलिस ने जाली कागजात से पासपोर्ट बनवाने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार किये

0
192

करनाल – करनाल की असंध पुलिस ने जाली कागजात तैयार करवाकर पासपोर्ट बनवाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक आरोपी ने दूसरे व्यक्ति के नाम पर फर्जी कागजात तैयार करवाकर उस पर अपना फोटो लगाकर अपना पासपोर्ट बनवाने की वारदात को अंजाम दिया था। इस वारदात के संबंध में शिकायतकर्ता विरेन्द्र सिंह पुत्र सतनाम सिंह वासी गांव खेडी सर्फली  ने थाना असंध में एक शिकायत दी थी । जिसमें उसने बताया कि उसने अपना पासपोर्ट बनवाने के लिए अप्लाई किया था। जब वह निश्चित दिन पर अपना पासपोर्ट बनवाने के लिए देहरादून स्थित पासपोर्ट सेवा केन्द्र में अपने कागजात लेकर गया तो उन्होने बताया कि आपका पासपोर्ट तो पहले से बना हुआ है। जबकि शिकायतकर्ता ने अपना कोई भी पासपोर्ट नहीं बनवाया था। जब उसने रिकॉर्ड देखा तो पाया कि उसके गांव के एक लडके मनजोत सिंह उर्फ लक्की ने शिकायतकर्ता के नाम व पते के कागजात तैयार करके व उस पर आरोपी ने अपनी फोटो लगाकर धोखाधडी करके पासपोर्ट बनवाया था। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ नामजद थाना असंध में धारा 406, 420, 467, 468, 471 आईपीसी व पासपोर्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है ।

पुलिस द्वारा जांच के बाद आरोपी मनजोत सिंह उर्फ लक्की पुत्र केवल सिंह वासी खेडी सर्फली जिला करनाल को खेडी सर्फली से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को अदालत में पेश करके एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।  पूछताछ में आरोपी द्वारा खुलासा किया गया कि उसने कुछ समय पहले बहाने से शिकायतकर्ता की मार्कशीट ली थी। जिसके बाद उसने उसी मार्कशीट के आधार पर अपने कागजात में शिकायतकर्ता का नाम व पता लिखवा लिया और फर्जी कागजात तैयार करवा लिये। आरोपी अनपढ़ था और वह विदेश जाना चाहता था। इसके लिए उसने शिकायतकर्ता की मार्कशीट ली और फर्जी तरीके से शिकायतकर्ता के नाम व पते के कागजात बनवाकर और उन कागजातों पर अपनी फोटो लगाकर पासपोर्ट बनवाया था। इस काम में उसके एक साथी मनोज वासी विष्णु दत्त वासी खरबला जिला हिसार हाल शांति नगर भिवानी ने मदद की थी। जिसके बाद आरोपी मनोज को भिवानी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी मनजोत को आज अदालत में पेशी के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है व आरोपी मनोज को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।